New Women s Degree College to Open in Rajouli Nawada for 50 000 Students रजौली के करिगांव में 14.52 करोड़ से खुलेगा महिला डिग्री कॉलेज, Nawada Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsNawada NewsNew Women s Degree College to Open in Rajouli Nawada for 50 000 Students

रजौली के करिगांव में 14.52 करोड़ से खुलेगा महिला डिग्री कॉलेज

नवादा/रजौली, हिसं/संसू। रजौली अनुमंडल के करिगांव में महिला डिग्री कॉलेज खुलेगा। बहादुरपुर पंचायत स्थित करिगांव को कॉलेज निर्माण से एक अलग ही पहचान मिलेगी।

Newswrap हिन्दुस्तान, नवादाWed, 28 May 2025 12:59 PM
share Share
Follow Us on
रजौली के करिगांव में 14.52 करोड़ से खुलेगा महिला डिग्री कॉलेज

नवादा/रजौली, हिसं/संसू। रजौली अनुमंडल के करिगांव में महिला डिग्री कॉलेज खुलेगा। बहादुरपुर पंचायत स्थित करिगांव को कॉलेज निर्माण से एक अलग ही पहचान मिलेगी। अपनी प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने करिगांव कृषि फॉर्म की जमीन पर कॉलेज के निर्माण के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया था और जरूरी दिशा-निर्देश दिए थे। 10 फरवरी को प्रगति यात्रा में नवादा पहुंचे मुख्यमंत्री यहां से वापसी के तुरंत बाद 24 फरवरी को महिला कॉलेज निर्माण की योजना को आधिकारिक स्वीकृति प्रदान कर दी थी। 14.52 करोड़ रुपए की लागत से कॉलेज भवन का निर्माण होगा। इसको लेकर प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति भी मिल गयी है जबकि अब यह योजना टेंडर प्रक्रिया तक पहुंच चुकी है।

टेंडर के बाद तत्काल भवन निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। इसमें प्रशासनिक भवन के साथ-साथ अध्ययन-अध्यापन भवन भी होगा। साथ ही सेमिनार कक्ष, योगा कक्ष, डिजिटल लैब, पुस्तकालय आदि का भी निर्माण किया जाएगा। डिग्री कॉलेज का निर्माण पांच एकड़ भूमि पर होगा। योजना को मूर्त रूप देने के लिए जारी है टेंडर प्रक्रिया महिला कॉलेज की स्थापना को लेकर वर्तमान में टेंडर प्रक्रिया जारी है। रजौली के बीडीओ संजीव कुमार झा ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद तत्काल संबंधित कार्य एजेंसी के माध्यम से भवन निर्माण शुरू हो जाएगा। रजौलीवासियों के लिए डिग्री कॉलेज एक सौगात की तरह होगा। उल्लेखनीय है कि महिलाओं के लिए जिले भर में यह दूसरा कॉलेज होगा। नवादा जिला मुख्यालय में आरएमडब्ल्यू कॉलेज की तरह इस कॉलेज को भी सभी सुविधाओं से युक्त बनाने की योजना है। लगभग 50 हजार छात्राओं को मिलेगा लाभ कॉलेज बनने के बाद रजौली अनुमंडल के सभी 15 प्रखंडों के लगभग 50 हजार छात्राओं को स्नातक तक की पढ़ाई की सुविधा मिल सकेगी। रजौली नगर पंचायत को छोड़ कर 1.93 लाख की पंचायती आबादी में लगभग आधी आबादी महिलाओं की है, जिनका आधी आबादी छात्राओं की है। रजौली अनुमंडल में महिलाओं के लिए पहली बार सरकारी डिग्री कॉलेज बनने जा रहा है। इसके लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी हो गई है। बिहार सरकार के राजस्व भूमि सुधार विभाग के द्वारा शिक्षा विभाग को डिग्री महाविद्यालय का भवन एवं चहारदीवारी निर्माण के लिए पांच एकड़ जमीन हस्तांतरित कर दी गई है। महाविद्यालय के भवन एवं चहारदीवारी के निर्माण के लिए 14 करोड़ 52 लाख रुपए की योजना की प्रशासनिक स्वीकृति के बाद वित्तीय स्वीकृति भी मिल चुकी है। ---------------------- उच्च शिक्षा से वंचित थीं छात्राएं, अब मिलेगी सुविधा नवादा। जिले में सबसे अधिक बीपीएल परिवार वाला रजौली अनुमंडल क्षेत्र में हाल के वर्षों तक शैक्षणिक व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो सका है। आज तक अनुमंडल क्षेत्र में इंटर से उच्चतर पढ़ाई शुरू नहीं हो सकी। जिस कारण क्षेत्र की छात्राएं उच्च शिक्षा से वंचित रह जा रही हैं। नजदीकी प्रखंडों में या आसपास के प्लस टू विद्यालयों से किसी प्रकार से इंटर तक की शिक्षा ग्रहण करने के बाद छात्राएं स्नातक स्तरीय उच्च शिक्षा से वंचित रह जा रही हैं। स्नातक स्तरीय शिक्षा के लिए छात्राओं की पूरी निर्भरता नवादा जिला मुख्यालय स्थित कॉलेजों पर रह जाने के कारण अभिभावक आगे की पढ़ाई करा पाने में सक्षम नहीं हो पा रहे हैं। जो कुछेक छात्राएं और अभिभावक उच्चतर पढ़ाई जारी रखने का मन बनाते रहे हैं, उनकी पहली पसंद आरएमडब्ल्यू कॉलेज रहती है लेकिन यहां सीट की सीमा के कारण अन्य कॉलेज का आवंटन मिलने पर सभी आगे पढ़ाई जारी रखने का विचार त्याग देती हैं। इस परिस्थितियों में रजौली अनुमंडल में महिलाओं की उच्चतर शिक्षा की स्थिति काफी दयनीय हो कर रह गयी है। अब जा कर मुख्यमंत्री की पहल के बाद इस दिशा में कुछ बेहतर होने की आस जग गयी है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।