बिहार पुलिस पर लोगों का पूरा भरोसा: नीतीश
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार पुलिस पर लोगों के भरोसे की बात की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बेहतर कार्य करने को कहा। उन्होंने गृह विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग का निरीक्षण किया और आपातकालीन संचालन...

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि बिहार पुलिस पर लोगों का पूरा भरोसा है। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों से कहा कि वे लोगों के इस भरोसे पर खरा उतरें। मुख्यमंत्री बुधवार को पटेल भवन पहुंचकर गृह विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग का निरीक्षण किया। उन्होंने द्वितीय तल पर गृह विभाग स्थित अपने कक्ष में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। राज्य की कानून व्यवस्था एवं पुलिसिंग गतिविधि की बेहतरी के लिए किये जा रहे कार्यों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी लोग समय पर कार्यालय आकर अपने कार्यों का बेहतर ढंग से निपटारा करें। कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पूरी मुस्तैदी से कार्य करें।
मुख्यमंत्री राज्य आपातकालीन संचालन केन्द्र भी गए और वहां की व्यवस्थाओं तथा कार्य पद्धतियों की जानकारी ली। इस दौरान विकास आयुक्त एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि यह केन्द्र 24 घंटे संचालित रहता है। इस केन्द्र से राज्य के मौसम, तापमान एवं आपदा से संबंधित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत उपयोगी केन्द्र है। इसका संचालन बेहतर ढंग से करते रहें ताकि राज्य के लोगों को इसका लाभ मिलता रहे। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण भी पहुंचे मुख्यमंत्री ने पांचवें तल स्थित बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के विभिन्न भागों का जायजा लिया। इस दौरान प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, सदस्य एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर प्राधिकरण के कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों को आपदा से बचाव के लिये आप सब बेहतर ढंग से कार्य करते रहें। मुख्यमंत्री के समक्ष आगजनी से बचाव के लिए जन जागरूकता को लेकर बनाए गए वीडियो गीत भी प्रस्तुत किया। मौके पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, आपदा प्रबंधन मंत्री विजय कुमार मंडल, सांसद संजय कुमार झा, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. उदयकांत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, प्राधिकरण के सदस्य पी.के. राय, कौशल कुमार मिश्र, नरेन्द्र कुमार सिंह व प्रकाश कुमार, डीजीपी विनय कुमार, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।