15 जून के पहले नालों की उड़ाही और मैनहोल को ठीक करे नगर निकाय : डीएम
15 जून से पहले शहर के नालों की उड़ाही और मैनहोल की मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं ताकि बारिश में जलजमाव की समस्या न हो। डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि गंगा और पुनपुन नदी के...

15 जून से पहले शहर के नालों की उड़ाही हो जानी चाहिए और जितने भी मैनहोल क्षतिग्रस्त हैं उनका मरम्मत भी कर दें, ताकि बरसात में लोगों को जलजमाव की समस्या का सामना नहीं करना पड़े। शनिवार को संभावित बाढ़ और जलजमाव की स्थिति की तैयारी को लेकर डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने नगर निकायों और आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक की और ये निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि गंगा के दियारा क्षेत्रों में मनेर से मोकामा और मसौढ़ी एवं पटना सिटी में पुनपुन और दरधा नदी के क्षेत्रों में बाढ़ आने की संभावना रहती है। अत्यधिक मॉनसूनी बारिश की स्थिति में गंगा, सोन एवं पुनपुन नदियों के जलस्तर में एक साथ असामान्य वृद्धि से बाढ़ की स्थिति बन जाती है। जब गंगा और पुनपुन नदी का जलस्तर अधिक रहता है, तो अतिवृष्टि की स्थिति में शहरी क्षेत्रों से नदियों के माध्यम से जल प्रवाह नहीं होने पर जलजमाव हो जाता है। ऐसी स्थिति 2019 में आयी थी जब पटना शहर में जलजमाव हो गया था। डीएम ने कहा कि इसकी पुनरावृति रोकने के लिए हम सबको सजग रहना होगा। कहा कि वरीय पदाधिकारियों की टीम नौ प्रमुख नालों की जांच करेगी। आपदा प्रबंधन को लेकर जिले में 11 कोषांग का गठन किया गया है। जिला स्तर पर एक नियंत्रण कक्ष बनाया गया है जो 24 घंटे काम करता है। आपदा से जुडी समस्याओं के लिए दूरभाष संख्या 0612 - 2210118 पर संपर्क किया जा सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।