इंतजार बढ़ा : गर्मी छुट्टी के बाद मिलेगी पिंक बस की सुविधा
बेटियों के लिए पिंक बस सेवा की शुरुआत गर्मी छुट्टी के बाद होगी। राज्य पथ परिवहन निगम की टीम जल्द ही रोपड़ का जायजा लेने जाएगी। यह सेवा सुबह 8 से रात 8 बजे तक चलेगी और केवल महिलाओं और छात्राओं के लिए...

बेटियों को अभी पिंक बस का और इंतजार करना होगा। अब गर्मी छुट्टी के बाद ही बस की सुविधा मिलेगी। अभी बस तैयार नहीं हो पायी है। जल्द ही जायजा लेने राज्य पथ परिवहन निगम की टीम रोपड़ (पंजाब) जाएगी। इसमें यह देखा जाएगा कि सारी सुविधाएं दी गयी है या नहीं। राज्य पथ परिवहन निगम अधिकारियों की मानें तो जून के पहले सप्ताह में पिंक बस के आने की संभावना है। बता दें कि राज्य सरकार की ओर से महिलाओं और स्कूल और कॉलेज की छात्राओं के लिए पिंक बस चलाये जाने का निर्णय लिया गया है। यह सुबह आठ से रात के आठ बजे तक चलेगी। इस दौरान बस को विभिन्न मार्गों पर चलाया जाएगा। इसमें तमाम स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, रेलवे स्टेशन आदि को ध्यान में रखकर मार्ग तैयार किया गया है। इस बस में केवल महिलाएं और छात्राएं ही बैठ सकती हैं। बस में मनोरंजन के लिए ऑडियो की सुविधा रहेगी। इसके माध्यम से सरकारी योजनाओं के साथ तमाम छात्रवृत्ति की जानकारी दी जाएगी।
एक साथ 20 बस का परिचालन होगा शुरू
पिंक बस एक साथ चार शहरों में शुरू होगा। इसमें पटना के अलावा भागलपुर, मुजफ्फरपुर और पूर्णियां शामिल है। उद्घघाटन पटना में किया जाएगा। इन जगहों पर परिचालन की सफलता के बाद सभी जिला मुख्यालय में पिंक बस चलाने जाने का प्रस्ताव है। पहले चरण में 20 बस लायी जाएंगी। इसमें दस बस पटना में चलेंगी। शेष दस बस को भागलपुर, पूर्णिया और मुजफ्फरपुर में चलायी जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।