कार्यकर्ता समाज के सभी वर्गों को जोड़ें : तेजस्वी
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लालू प्रसाद के विचारों को समाज के सभी वर्गों से जोड़ने की अपील की। तेजस्वी ने...

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने विधानसभा चुनाव के पहले संगठन के चुनाव और पार्टी की गतिविधियों एवं कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से समाज के सभी वर्गों को लालू प्रसाद के विचारों से और खुद से जोड़ने की अपील की। शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में समीक्षा बैठक में तेजस्वी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को जो भी जिम्मेदारी दी जाती है उसे ईमानदारी पूर्वक निभाएं, उसके प्रति अपनी दिलचस्पी दिखाएं और हर स्तर पर अपनी क्षमता का परिचय दें। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा और एनडीए के लोग सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म पर अफवाह फैला रहे हैं। उसका मुकाबला संगठन एवं विचारों के माध्यम से करते हुए आगे बढ़ना है। हमारे पास पुरखों की विरासत, विचार, सोच के साथ ही लालू प्रसाद जैसा मजबूत नेतृत्व है। हम सभी को साथ लेकर चलने पर विश्वास करते हैं। इसके लिए मुद्दों के आधार पर जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों को बेनकाब करना है। तेजस्वी ने राज्य में अफसरशाही होने, आम आदमी के अधिकारों के हनन किए जाने का भी आरोप लगाया। बैठक में वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी, उदय नारायण चौधरी, अब्दुलबारी सिद्दीकी, मंगनीलाल मंडल, अली अशरफ फातमी, अवध बिहारी चौधरी, डॉ. कांति सिंह, मनोज कुमार झा, संजय यादव, अभय सिंह कुशवाहा, झारखंड सरकार में मंत्री संजय यादव, शिवचंद्र राम, अशोक कुमार सिंह, रणविजय साहू, अख्तरूल इस्लाम शाहीन, डॉ. तनवीर हसन, आलोक कुमार मेहता, महबूब अली कैसर आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।