सदर अस्पताल में ड्यूटी से गायब रहे डॉक्टर, मरीज गर्मी में होते रहे परेशान
सीतामढ़ी के सदर अस्पताल में चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों की अनुपस्थिति के कारण मरीजों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ओपीडी सेवा बंद रहने के कारण दूर-दराज से आए मरीजों को बिना इलाज के लौटना...

सीतामढ़ी। सदर अस्पताल की व्यवस्था में सुधार नहीं हो पा रहा है। कभी चिकित्सक तो कभी स्वास्थ्य कर्मी गायब रहते हैं। इसके कारण गाहे-बगाहे हंगामा की स्थिति बन जाती है। रविवार को ओपीडी सेवा बंद रहने के कारण सोमवार को ओपीडी सेवा के लिए दूर-दराज से मरीज व उनके परिजन सदर अस्पताल पहुंचे थे। लेकिन कई मरीजों को बिना चिकित्सीय परीक्षण के ही वापस लौटना पड़ा। जानकारी के अनुसार सोमवार को जेनरल फिजिशियन वार्ड में डॉ. अजीत कुमार शर्मा की ड्यूटी लगायी गयी थी। लेकिन किसी जरुरी काम से उन्हें बाहर जाना पड़ा। इसको लेकर वह अपने ड्यूटी के बदले डॉ. राजीव कुमार से ड्यूटी का अदला बदली कर लिये।
डॉ. राजीव कुमार के द्वारा सुबह से दोपहर तक ड्यूटी किया गया। शाम 4 बजे से 6 बजे तक की ड्यूटी पर वह समय पर नहीं पहुंचे। इसके कारण दूर-दराज से आये महिला व पुरुष मरीजों का वार्ड के आगे कतारे लग गयी। परिहार से आये मुन्ना पासवान ने बताया कि सुबह 9 बजे से सदर अस्पताल में खुद व पत्नी को दिखाने के लिए आये है। लेकिन अभी तक चिकित्सकीय परीक्षण तक नहीं हो पाया है। वार्ड के आगे पंखे की सुविधा नहीं रहने के कारण परेशान हैं। वही सुभम कुमार, रंजीत सिंह, विनय कुमार, असरफ अंसारी, सरिता देवी, मंजू देवी, रजनी कुमारी सहित एक दर्जन से अधिक कतारबद्ध खड़े मरीजों ने शिकायत की कि समय पर चिकित्सक के नहीं आने के कारण काफी परेशानी हो रही है। करीब 45 मिनट तक सभी मरीज कतारबद्ध खड़े होकर चिकित्सक का इंतजार कर रहे थे। वहीं मरीज सरोज सिंह ने बताया कि इसकी सूचना वरीय अधिकारी को फोन पर दिया गया। प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि डॉ. राजीव कुमार से बात कर लिया गया है। वह अपने ड्यूटी पर पहुंच रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।