मनरेगा के तहत रघुनाथपुर में नौ गांवों में बनेगा खेल मैदान
रघुनाथपुर में 9 जगहों पर मनरेगा से खेल मैदानों का निर्माण होना था, लेकिन कई समस्याओं के कारण यह पूरा नहीं हो सका है। प्रशासन ने 12 स्थानों पर जमीन चिह्नित की थी, लेकिन रैयतों की आपत्ति के कारण 3 जगहों...

रघुनाथपुर, एक संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के 9 जगहों पर मनरेगा से खेल मैदानों का निर्माण होगा। मार्च 2025 तक खेल मैदान का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य था। लेकिन, यह संभव नहीं हो सका है। जिले के प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम एक खेल का मैदान अनिवार्य रूप से हो, इसी मकसद से इस पर काम भी चल रहा है। रघुनाथपुर में कुल 12 स्थानों पर खेल मैदान बनाने के लिए जमीन को चिह्नित कर लिया गया है। इनमें सभी के लिए स्वीकृति भी मिल गई थी। लेकिन, रैयतों की आपत्ति और भूमि विवादित होने की वजह से 3 जगहों पर ग्रहण लग गया है। वहीं शेष ग्राम पंचायतों में खेल मैदान के लिए अंचल प्रशासन जमीन की तलाश कर रहा है। जिले के सभी ग्राम पंचायतों में खेल का मैदान जल्द से जल्द बनवाया जा सके, इसके लिए प्रयास हो रहा है। इस संबंध में राज्य से ही निर्देश है कि निर्माण कार्य शुरू करने को लेकर जो भी सामग्री, मिस्त्री और श्रमिकों आदि की जरूरत होगी। उसकी तैयारी पहले से रखें, ताकि विभाग की ओर से आदेश जारी करने के बाद तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके। हर मैदान में कम से कम चार खेल की सुविधा हर खेल मैदान में न्यूनतम चार सुविधाएं अनिवार्य रूप से रहेंगी। इनमें बास्केट बॉल, बैडमिंटन, वॉलीबॉल और दौड़ ट्रैक। इसके अलावा जमीन की उपलब्धता के आधार पर अलग-अलग खेल की सुविधाएं मैदान में विकसित की जाएंगी। हर एक मैदान के निर्माण पर 10 लाख रुपये तक खर्च किए जाएंगे। इसके लिए तीन तरह के मानक रखे गये हैं। एक में चार एकड़, दूसरे में एक से तीन एकड़ और तीसरा है एक एकड़ का। एक एकड़ जमीन वाले मैदान में कम जगह में खेलने वाले खेल, जैसे बैडमिंटन, बास्केट बॉल, वॉलीबॉल, छोटे रनिंग ट्रैक आदि बनाये जाएंगे। दौड़ने वाले ट्रैक की चौड़ाई आठ फीट तक होगी। पर्याप्त जगह होने पर फुटबॉल खेलने लायक मैदान भी बनाए जाएंगे। इन जगहों पर मैदान के लिए भूमि है चिन्हित प्रखंड के राजपुर, पंजवार, करसर, रघुनाथपुर, हरनाथपुर, टारी, कजरासन, सैदपुरा, नवादा, उगो, पिपरा व अमवारी में मैदान के लिए अंचल द्वारा भूमि का चयन किया गया था। चयनित भूमि को निर्विवाद बताते हुए अपर समाहर्त्ता को प्रतिवेदन भेजा गया था। लेकिन, इसमें रघुनाथपुर, उगो और राजपुर में चिन्हित भूमि पर आपत्ति होने के बाद सीओ प्रत्यक्ष कुमार ने भूमि विवाद का हवाला देते हुए पुनः निरस्त करने की अनुशंसा की है। रघुनाथपुर में रामप्रवेश तिवारी के नाम से जमीन है। वहीं राजपुर में ब्रह्मदेव मिश्र और उगो की जमीन आम गैरमजरूआ है। रघुनाथपुर में खेल मैदान के लिए चिन्हित की गई जमीन पर दावा व आपत्ति करनेवाले अरविन्द ने कहा कि उक्त जमीन का लगान अपडेट है। अंचल को हमने आपत्ति दे रखी है कि उक्त भूमि पर बिनी हमारी सहमति के कोई भी कार्यक्रम करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाय।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।