the world s second richest billionaire without a degree bezos and zuckerberg were left behind दुनिया का दूसरा सबसे अमीर बना बिना डिग्री वाला अरबपति, बेजोस-जुकरबर्ग रह गए पीछे, Business Hindi News - Hindustan
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़the world s second richest billionaire without a degree bezos and zuckerberg were left behind

दुनिया का दूसरा सबसे अमीर बना बिना डिग्री वाला अरबपति, बेजोस-जुकरबर्ग रह गए पीछे

80 वर्षीय एलिसन के पास 258.8 अरब डॉलर की संपत्ति है। पहले नंबर पर मौजूद मस्क कुल 410.8 अरब डॉलर के मालिक हैं। जुकरबर्ग सूची में एलिसन से पिछड़ कर तीसरे पर पहुंच गए हैं, जिनकी कुल संपत्ति 235.7 अरब डॉलर है।

Drigraj Madheshia लाइव हिन्दुस्तानMon, 16 June 2025 11:02 AM
share Share
Follow Us on
दुनिया का दूसरा सबसे अमीर बना बिना डिग्री वाला अरबपति, बेजोस-जुकरबर्ग रह गए पीछे

सॉफ्टवेयर कंपनी ओरेकल के चेयरमैन लैरी एलिसन दुनिया के दूसरे सबसे धनी व्यक्ति बन गए हैं। शुक्रवार को उन्होंने मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग और अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस को पीछे छोड़ दिया। फोर्ब्स की शीर्ष अरबपतियों की सूची 2025 के मुताबिक, 80 वर्षीय लैरी की कुल संपत्ति 258.8 अरब डॉलर है। उनसे आगे अब सिर्फ टेस्ला के मालिक एलन मस्क (कुल संपत्ति 410.8 अरब डॉलर) हैं।

एक महीने में नीचे आए

जुकरबर्ग सूची में एलिसन से पिछड़ कर तीसरे पर पहुंच गए हैं, जिनकी कुल संपत्ति 235.7 अरब डॉलर है। इससे पहले अप्रैल में वह दूसरे नंबर पर थे। वहीं बेजोस भी 226.8 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ चौथे पायदान पर आ गए हैं।

फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर

शेयर में उछाल का फायदा

12 जून 2025 को ओरेकल के शेयरों में 13% की तेज़ी आई, जिससे सिर्फ एक दिन में एलिसन की संपत्ति में 26 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। पिछले दो महीनों में उनकी कुल संपत्ति में 66.8 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई, जिसका श्रेय AI और क्लाउड कंप्यूटिंग में ओरेकल की बढ़त को दिया जाता है।

न्यूयार्क में पैदा हुए

लॉरेंस जोसेफ एलिसन का जन्म 17 अगस्त 1944 को न्यूयॉर्क में हुआ था। इन्हें दुनिया लैरी एलिसन के नाम से जानती है, ओरेकल कॉर्पोरेशन के संस्थापक हैं और वर्तमान में दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं।

ओरेकल की स्थापना और सफलता

1977 में उन्होंने सिर्फ दो साझेदारों के साथ ओरेकल की शुरुआत की, जो आज दुनिया की सबसे बड़ी डेटाबेस सॉफ्टवेयर कंपनियों में से एक है। ओरेकल ने सन माइक्रोसिस्टम्स जैसी कंपनियों का अधिग्रहण करके और AI टेक्नोलॉजी में निवेश करके अपनी ताकत बढ़ाई। हाल ही में अमेरिकी सरकार के "प्रोजेक्ट स्टारगेट" में ओरेकल की भूमिका ने उनकी संपत्ति में भारी उछाल लाया। ओरेकल में आज भी एलिसन 42.9% हिस्सेदारी रखते हैं और कंपनी के चेयरमैन व मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (CTO) हैं।

ये भी पढ़ें:लक्जरी कार छोड़ मेट्रो में क्यों सवार हुईं बेंगलुरु की मशहूर अरबपति

शुरुआती जीवन की संघर्ष भरी कहानी

लैरी को 9 महीने की उम्र में ही उनकी मां ने गोद दे दिया था, क्योंकि वे एक अविवाहित यहूदी महिला थीं। उनका पालन-पोषण शिकागो में रहने वाले रिश्तेदारों ने किया। कॉलेज की पढ़ाई बीच में छोड़कर उन्होंने कंप्यूटर प्रोग्रामिंग सीखी और एम्पेक्स कंपनी में नौकरी की। यहीं पर उन्होंने रिलेशनल डेटाबेस का कॉन्सेप्ट सीखा, जिसने ओरेकल की नींव रखी। उन्हें "बिना डिग्री वाला अरबपति" भी कहा जाता है, क्योंकि उन्होंने कभी कोई फॉर्मल डिग्री पूरी नहीं की।

बिल गेट्स टॉप-10 से बाहर

माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स सूची से बाहर हो गए हैं। वह 116.5 अरब डॉलर के साथ अमीरों की सूची में 12वें पायदान पर पहुंच गए हैं। वहीं, एनवीडिया के मालिक जेनसेन हुआंग फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर लिस्ट की ताजा रैंकिंग में टॉप-10 में एंट्री पा चुके हैं। 123.9 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ जेनसेन हुआंग 10वें नंबर पर हैं।

जानें Hindi News, Business News की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।