सेक्स सीडी मामले में भूपेश बघेल को राहत; विशेष CBI अदालत ने किया बरी, कह दी बड़ी बात
छत्तीसगढ़ के चर्चित सेक्स सीडी कांड मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को बड़ी राहत मिली है। सीबीआई की विशेष अदालत ने मंगलवार को भूपेश बघेल को बाइज्जत बरी कर दिया।

छत्तीसगढ़ के चर्चित सेक्स सीडी कांड मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को बड़ी राहत मिली है। सीबीआई की विशेष अदालत ने मंगलवार को भूपेश बघेल के खिलाफ लगाई गई सभी धाराएं हटाते हुए उन्हें बाइज्जत बरी कर दिया। विशेष कोर्ट ने कहा कि भूपेश बघेल के खिलाफ मुकदमा चलाने का कोई आधार ही नहीं है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने अदालत के फैसले पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा- 'सत्यमेव जयते'...
मालूम हो कि छत्तीसगढ़ में सेक्स सीडी कांड अक्टूबर 2017 में सामने आया था। दावा किया गया था कि इस सेक्स सीडी कांड में तत्कालीन मंत्री राजेश मूणत हैं। सीडी बाहर आने के बाद रायपुर के सिविल लाइन थाने में केस दर्ज किया गया था। मामले में पुलिस ने दिल्ली से पत्रकार विनोद वर्मा को गिरफ्तार किया था। कांग्रेस ने इसे साजिश बताया था। इस केस में सितंबर 2018 में भूपेश बघेल की गिरफ्तारी हो गई थी। भूपेश बघेल उस समय छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष थे।
भूपेश बघेल पर साजिश रचने का आरोप लगा था। इसके बाद भूपेश बघेल कोर्ट में जमानत लेने से इनकार कर दिया था। भूपेश बघेल की गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने प्रदेशभर में धरना प्रदर्शन किया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह सभाएं की थीं। इसके बाद दिसंबर 2018 में विधानसभा चुनाव हुए थे। इसमें कांग्रेस को बंपर जीत मिली थी, जिसके बाद भूपेश बघेल राज्य के मुख्यमंत्री बने थे।
सेक्स सीडी कांड मामले में मुख्य आरोपी कैलाश मुरारका, पूर्व सीएम के मीडिया सलाहकार रहे विनोद वर्मा, भूपेश बघेल, विजय पांड्या, विजय भाटिया को आरोपी बनाया गया था। इस मामले के आरोपी रिंकू खनूजा की मौत हो चुकी है। मंगलवार को सीबीआई की विशेष अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद पूर्व सीएम भूपेश बघेल के खिलाफ लगाई गई सभी धाराएं हटाते हुए उन्हें बरी किया। कांग्रेस के छत्तीसगढ़ संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने इसे सच्चाई की जीत बताया। उन्होंने आगे कहा कि यह सत्य की जीत है। सत्यमेव जयते...
रिपोर्ट- संदीप दीवान
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।