बिजली, बादल और बारिश का ट्रिपल अटैक: छत्तीसगढ़ के 26 जिलों में अलर्ट, प्री मानसून ने दी दस्तक
बारिश का मुख्य क्षेत्र मध्य छत्तीसगढ़ और उत्तर छत्तीसगढ़ होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून का प्रदेश के दक्षिणी क्षेत्र से आगे बढ़ने की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई है।

छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली है। आसमान पर काले बादल छाए हुए हैं। बादलों के बीच सूरज की लुका-छिपी भी जारी है। वहीं गर्मी और उमस ने परेशानी बढ़ा दी है। इस बीच रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के 12 जिलों के लिए ऑरेंज और 14 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटना हो सकती है। अचानक तेज हवा भी चल सकती है। हवा की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे की संभावना है। बारिश का मुख्य क्षेत्र मध्य छत्तीसगढ़ और उत्तर छत्तीसगढ़ होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून का प्रदेश के दक्षिणी क्षेत्र से आगे बढ़ने की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई है। आने वाले दिनों में मानसूनी गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।
जानिए कहां कौन सा अलर्ट जारी हुआ
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, रायगढ़ , कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश के साथ मेघ गर्जन होने और आकाशीय बिजली गिरने की घटना हो सकती है। अचानक तेज हवा भी चलेगी और उसकी रफ्तार 40 से 60 KMPH होने की संभावना है। वहीं बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। यहां आकाशीय बिजली गिरने की घटना हो सकती है। बारिश के साथ हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे हो सकती है। मौसम विभाग ने यह अलर्ट तीन घंटों के लिए जारी किया है।
दुर्ग रहा ठंडा, बिलासपुर सबसे ज्यादा गर्म
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 48 घंटे के दौरान सुकमा जिले में सबसे ज्यादा 26 मिमी बारिश हुई है, जबकि कांकेर जिले में 23 मिमी बारिश रिकार्ड किया गया है। इसके अलावा दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बस्तर, धमतरी, बालोद, रायपुर, खैरागढ़-गंडई-छुईखदान जिले में हल्की से मध्यम बारिश हुई है।बारिश का दौर शुरू होने और आसमान में बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। एक दिन पहले प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म बिलासपुर रहा, यहां तापमान 40.4 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं रात का सबसे कम न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दुर्ग जिले में रिकॉर्ड किया गया।
इस सिस्टम के प्रभाव से हो रही बारिश
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले 2 दिनों के दौरान छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल है। एक चक्रवाती परिसंचरण बंगाल की खाड़ी के पश्चिम -मध्य भाग में आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय क्षेत्र से समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है। एक द्रोणिका पश्चिम-मध्य अरब सागर से तटीय आंध्र प्रदेश तक उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और मराठवाडा के ऊपर औसत समुद्र तल से 3.1 और 5.8 किमी ऊपर एक ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। आगामी दिनों में और ज्यादा बारिश होनी की संभावना है।
रिपोर्ट- संदीप दीवान
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।