दिल्ली में कोरोना से 3 की मौत, नोएडा में 40 नए मरीज; गाजियाबाद में कितने मिले?
दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना से तीन मरीजों की मौत हो गई। वहीं नोएडा में कोरोना के 40 नए मरीजों की पुष्टि रविवार को हुई है।

दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना से तीन मरीजों की मौत हो गई। इनमें 57 वर्ष की एक महिला, 83 वर्षीय महिला और 57 वर्षीय पुरुष शामिल हैं। इन सभी को स्वास्थ्य समस्याएं थीं। वहीं नोएडा में कोरोना के 40 नए मरीजों की पुष्टि रविवार को हुई। सभी मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है। नए संक्रमित सभी मरीजों में कोरोना संक्रमण के सामान्य लक्षण हैं।
इसके साथ ही गौतमबुद्ध नगर जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 394 हो गई है। इनमें से 308 स्वस्थ हो गए हैं। एक का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। 85 मरीज होम आइसोलेशन में इलाज करवा रहे हैं।
किसी भी मरीज को सांस लेने में दिक्कत नहीं है। गौतमबुद्धनगर जिला निगरानी अधिकारी डॉ. टीकम सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमित ज्यादातर मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। एक मरीज को छोड़कर अन्य होम आइसोलेशन में इलाज करवा रहे हैं। कोरोना संक्रमण को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है।
वहीं गाजियाबाद जिले में कोरोना के दो नए मरीजों की पुष्टि हुई है। अब तक जिले में 79 मरीज मिल चुके हैं। नेहरू नगर निवासी 21 वर्षीय युवक और राजनगर निवासी 31 वर्षीय महिला को बीते तीन दिन से बुखार व खांसी की समस्या थी। डॉक्टर की सलाह पर निजी लैब में कोविड जांच कराई गई, जिसमें दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। जिले में 17 सक्रिय मरीज हैं। इनमें 16 का घर पर और एक मरीज का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है।
यदि देश की बात करें तो कोविड-19 के कुल सक्रिय मामलों की संख्या रविवार को 7,400 से घटकर 7,383 हो गई। पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामलों में 17 की कमी आई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के अनुसार इस संक्रमण से 10 लोगों ने जान गंवाई है। इसके बाद कोरोना वायरस से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 97 हो गई हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना से केरल में पांच और महाराष्ट्र में दो लोगों की मौत हुई है। इन सभी को गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं थीं। पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, गोवा, हिमाचल प्रदेश, मिजोरम, पुड्डुचेरी और त्रिपुरा में कोविड-19 नए मामले दर्ज नहीं किए गए हैं।