ग्लेन मैक्सवेल ने MLC में ठोका तूफानी शतक, रोहित शर्मा के स्पेशल क्लब में हुए शामिल
पहली 15 गेंदों पर 11 रन बनाने के बाद मैक्सवेल ने अगली 34 गेंदों पर 2 चौकों और 13 छक्कों की मदद से 95 रन बटोरे। इसका मतलब यह है कि मैक्सवेल ने 95 में से 86 रन तो बाउंड्री से बटोरे, बचे 9 रन उन्होंने भागकर लिए।

ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल ने MLC 2025 में धुआंधार पारी खेलते हुए शानदार अर्धशतक जड़ा। मंगलवार, 17 जून को वॉशिंगटन फ्रीडम बनाम लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स के बीच मेजर लीग क्रिकेट 2025 का 8वां मैच कैलिफोर्निया के ओकलैंड कोलिजीयम में खेला गया। इस मैच में वॉशिंगटन फ्रीडम के कप्तान ग्लेन मैक्सवेल ने 29 गेंदों पर 2 चौकों और 13 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 106 रनों की नाबाद पारी खेली। उनकी इस पारी के दम पर वॉशिंगटन फ्रीडम की टीम निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 205 रन बोर्ड पर लगाने में कामयाब रही। इसके जवाब में लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स 95 रनों पर ही सिमट गई और वॉशिंगटन फ्रीडम ने इस मैच को 113 रनों से अपने नाम किया।
ग्लेन मैक्सवेल की इस पारी की शुरुआत तो काफी धीमी रही थी। पहली 15 गेंदों पर ना उनके बल्ले से कोई चौका निकला था और ना ही कोई छक्का। वह इस दौरान 100 से भी कम स्ट्राइक रेट के साथ 11 रन बनाकर खेल रहे थे। इसके बाद उन्होंने ऐसी रफ्तार पकड़ी कि लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स का कोई गेंदबाज नहीं रोक पाया।
मैक्सवेल ने अगली 34 गेंदों पर 2 चौकों और 13 छक्कों की मदद से 95 रन बटोरे। इसका मतलब यह है कि मैक्सवेल ने 95 में से 86 रन तो बाउंड्री से बटोरे, बचे 9 रन उन्होंने भागकर लिए। मैक्सवेल ने अपनी पारी का पहला चौका तब लगाया जब वह 78 रन पर बैटिंग कर रहे थे।
मैक्सवेल के टी20 करियर का यह 8वां शतक है, इसी के साथ वह इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की रेस में संयुक्त रूप से चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। मैक्सवेल के नाम अब रोहित शर्मा के बराबर 8 शतक हैं।
टी20 में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी-
प्लेयर | शतक |
---|---|
क्रिस गेल | 22 |
बाबर आजम | 11 |
विराट कोहली, राइली रुसो | 9 |
रोहित शर्मा, ग्लेन मैक्सवेल, एरॉन फिंच, जोस बटलर, माइकल क्लिंगर | 8 |
ग्लेन मैक्सवेल अपनी इस पारी को लेकर कहा, “थोड़े अलग हालात में आया, अलग तरह से बल्लेबाजी करने की जरूरत थी, काफी धीमी शुरुआत की लेकिन एक बार मुझे लगा कि हमें कुछ और रन चाहिए तो मैंने अपने शॉट लिए और यह कामयाब हो गया। हमें उस समय बस बल्लेबाजी करने की जरूरत थी। मुझे उम्मीद थी कि मैं और चैपमैन इसे गहराई तक ले जा सकते हैं, हम शायद आखिरी 5-6 ओवरों को लक्ष्य बना सकते हैं, फील्ड में हेरफेर कर सकते हैं। यह काफी अच्छा है। वे (उसके माता-पिता) मुझे अक्सर रन बनाते हुए नहीं देख पाते, इसलिए उनका यहां होना अच्छा है।”