राजस्थान रॉयल्स को क्यों मिली शर्मनाक हार? कप्तान रियान पराग ने इस गेंदबाज को बताया जिम्मेदार
- राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने बताया है कि लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ टीम को हार क्यों मिली? आखिरी ओवर में जीत के लिए सिर्फ 9 रन बनाने थे, लेकिन लगातार दूसरी बार टीम इसमें विफल रही।

राजस्थान रॉयल्स के स्टैंड इन कैप्टन रियान पराग ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मिली हार के कारणों के बारे में बताया। राजस्थान रॉयल्स को अपने होम ग्राउंड पर लगातार दूसरे मैच में हार मिली है। इस हार से राजस्थान रॉयल्स के प्लेऑफ्स में पहुंचने के चांस भी कम हो गए हैं। रियान पराग ने माना कि उनको मैच जल्दी खत्म कर देना चाहिए था। इसके अलावा उन्होंने संदीप शर्मा का भी जिक्र किया, जिन्होंने आखिरी ओवर में 27 रन लुटाए। हालांकि, उन्होंने हार की जिम्मेदारी भी ली है, क्योंकि वे खुद 18वें ओवर की आखिरी गेंद तक क्रीज पर थे।
कप्तान रियान पराग ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में कहा, "भावनाओं को व्यक्त करना थोड़ा मुश्किल लग रहा है, हमें नहीं पता कि हमने क्या गलत किया। हम 18-19वें ओवर तक खेल में थे। मुझे शायद इसे 19वें ओवर में ही खत्म कर देना चाहिए था, मैं खुद को दोषी मानता हूं। हमें बस 40 ओवर तक एक साथ मिलकर एक गेम खेलना है, तभी हम जीत सकते हैं।" कप्तान ने आखिरी ओवर का भी जिक्र किया, जिसमें संदीप शर्मा ने कुल 27 रन लुटाए, जिससे एलएसजी को मोमेंटम मिल गया था।
उन्होंने आगे कहा, "हमने (गेंद से) वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया, आखिरी ओवर दुर्भाग्यपूर्ण था, हमें लगा कि हम उन्हें 165-170 पर रोक लेंगे। सैंडी (संदीप शर्मा) भाई पर भरोसा किया जा सकता है, उनका केवल एक ही गेम खराब रहा है। अब्दुल समद ने वास्तव में अच्छी बल्लेबाजी की। हमें उस लक्ष्य का पीछा करना चाहिए था। आज का दिन एकदम सही था, विकेट के बारे में कोई शिकायत नहीं है। हम सही थे, बस कुछ गेंदें आपको आईपीएल गेम में हार का सामना करवा सकती हैं।" दोनों टीमों के आखिरी ओवर को देखा जाए तो इनमें बहुत अंतर है। राजस्थान ने जहां 6 रन बनाए। वहीं, एलएसजी ने कुल 27 रन आखिरी ओवर में जोड़े।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।