जोश इंग्लिस डेब्यू मैच में शतक लगाने वाले 21वें ऑस्ट्रेलियाई बने, 10 साल में पहली बार हुआ ऐसा
- जोश इंग्लिस पुरुष टेस्ट में अपने पदार्पण मैच में शतक लगाने वाले 21वें ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गए। जोश ने श्रीलंका के खिलाफ अपने पहले मैच में 102 रन की दमदार पारी खेली।

ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज जोश इंग्लिस ने गुरुवार को श्रीलंका के खिलाफ जारी पहले टेस्ट मैच में दमदार शतक लगाया। इसी के साथ वह पुरुष टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के लिए डेब्यू मैच में शतक लगाने वाले 21वें बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने गॉल में पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन 90 गेंदों में शतक लगाया। इंग्लिस से पहले श्रीलंका के खिलाफ गॉल में हो रहे मैच में स्टीव स्मिथ शतक और उस्मान ख्वाजा दोहरा शतक जड़ चुके हैं।
जोश इंगलिस 2015 में एडम वोजेस के बाद पदार्पण टेस्ट में शतक लगाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज भी बने। जोश ने 94 गेंद में 102 रन की पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 10 चौके और एक छक्का लगाया। जोश इंगलिस अपने पहले टेस्ट मैच में शतक लगाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की खास सूची में शामिल हो गए हैं, जिसमें ग्रेग चैपल, मार्क वॉ, माइकल क्लार्क और शॉन मार्श मौजूद हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी 6 विकेट पर 654 के स्कोर पर घोषित कर दी है। ऑस्ट्रेलिया की ओर से उस्मान ख्वाजा ने 352 गेंदों में 232 रन, कप्तान स्टीव स्मिथ ने 251 गेंद में 141 रन और जोश इंग्लिस ने 94 गेंद में 102 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से प्रभात और जेफ्री ने 3-3 विकेट चटकाए।
इंग्लिस उन छह विदेशी बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने श्रीलंका में अपने पहले टेस्ट में शतक जड़े हैं।
1. फवाद आलम- 2009
2. सुरेश रैना- 2010
3. शॉन मार्श - 2011
4. मोहम्मद अशरफुल- 2001
5. बेन फोक्स-2018
6. जोश इंगलिस - 2024