35 साल बाद रोहतक से पंचकूला में शिफ्ट हो गया हरियाणा बीजेपी का मुख्यालय, जानें क्या है वजह
- 35 साल के बाद रामनवमी के मौके पर हरियाणा बीजेपी का मुख्यालय रोहतक से पंचकूला शिफ्ट कर दिया गया है। राजधानी चंडीगढ़ के पास होने की वजह से मुख्यालय पंचकूला लाया गया है।

करीब 35 साल बाद हरियाणा भाजपा मुख्यालय को आज रोहतक से पंचकूला के पंच कमल परिसर में शिफ्ट किया गया है।इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली भी मौजूद रहे। रामनवमी के दिन सीएम सैनी और मोहनलाल बड़ौली ने विधि-विधान से हवन-पूजन करके नए भाजपा कार्यालय का शुभारंभ किया। समारोह के दौरान अटल सभागार का भी उद्घाटन किया गया। इस सभागार का नाम भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में रखा गया है। अटल पार्क का पंच कमल में शिलान्यास हुआ है। पार्टी कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पंच-कमल से पार्टी के कार्यक्रमों को गति देंगे। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया।
उन्होंने कहा कि पंच-कमल में बनाया गया अटल पार्क अटल बिहारी वाजपेयी के कामों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि आज हर कार्यकर्ता और भाजपा को प्यार करने वालों के घर के ऊपर पार्टी का झंडा लगाने का संकल्प लेकर यहां से जाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी के किसी कार्यकर्ता के सम्मान को बरकरार रखना है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि कार्यकर्ताओं के काम को तवज्जो दी जाए।
राजधानी चंडीगढ़ के पास होने से रहेगी सहूलियत
भाजपा हरियाणा का प्रदेश मुख्यालय पहले चंडीगढ़ में स्थित था, जिसे बाद में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. मंगलसेन के निधन के बाद 1990 में रोहतक शिफ्ट किया गया था।अब यह मुख्यालय दोबारा पंचकूला में स्थापित किया गया है। अब से पंचकमल कार्यालय से ही पार्टी की प्रदेश स्तरीय प्रशासनिक गतिविधियां संचालित होंगी। चंडीगढ़ के नजदीक होने के कारण पार्टी कार्यालय की उपयोगिता ज्यादा होगी। मुख्यमंत्री व अन्य मंत्रियों के लिए भी पंचकूला आना ज्यादा आसान होता है।हरियाणा भाजपा महासचिव सुरेन्द्र पूनिया ने बताया कि हरियाणा में पार्टी के राजनीतिक केंद्र के रूप में दशकों तक रोहतक के रहने के बाद, मुख्यालय को राज्य की राजधानी चंडीगढ़ के पास स्थित पंचकूला में स्थानांतरित करने का फैसला लिया गया है। यह बदलाव पार्टी की विकसित हो रही संगठनात्मक रणनीति को दर्शाता है।
2022 में राजनाथ सिंह ने किया था पंच-कमल उद्घाटन
20 अगस्त 2022 में तत्कालीन केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पंचकूला में भाजपा कार्यालय पंचकमल का उद्घाटन किया था। तब इस कार्यालय से पंचकूला और इसके आसपास के कई जिलों की पार्टी गतिविधियां शुरू की गई थी।पंचकूला दफ्तर को मुख्यालय के तौर पर ही डिजाइन किया गया था।
रिपोर्ट- मोनी देवी, लाइव हिन्दुस्तान
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।