हिमाचल में दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर, इन जिलों में होगी भारी बारिश और बर्फबारी; 4 दिन कैसा रहा मौसम
- Himachal Pradesh Weather: हिमाचल प्रदेश के मौसम पर बड़ा अपडेट सामने आया है। आईएमडी ने हिमाचल में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।

Himachal Pradesh Weather:हिमाचल प्रदेश में शनिवार को मौसम साफ बना हुआ है। पर्यटन स्थलों शिमला, मनाली और धर्मशाला में गुनगुनी धूप खिली है। हालांकि अगले हफ्ते पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव आएगा जिससे राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आने से मार्च के महीने में ठंड का प्रकोप तेज़ होगा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 10 से 14 मार्च तक राज्य में बारिश व बर्फ़बारी का दौर देखने को मिल सकता है। नौ मार्च को भी उच्च पर्वतीय इलाकों में हल्की वर्षा या बर्फबारी की संभावना है। 10 और 11 मार्च को अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी का अनुमान है। 12 मार्च से 14 मार्च तक मौसम के और बिगड़ने के संकेत हैं औऱ कई जगह वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। राहत की बात यह है म मौसम विभाग ने इस दौरान किसी तरह का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि 12 मार्च से मौसम में बदलाव के कारण अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने से पहले पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 9 मार्च से शुरू होने वाला पश्चिमी विक्षोभ राज्य के मौसम में बदलाव ला सकता है। इसके प्रभाव से 12 मार्च से लेकर 14 मार्च तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
इस बीच प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम सामान्य बना रहा। राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य या उसके आसपास दर्ज किए गए। हालांकि कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। वहीं कुछ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया।
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य का सबसे ठंडा स्थान केलंग और कुक्सेरी रहा, जहां न्यूनतम तापमान -6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे गर्म स्थान ऊना रहा जहां अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
बारिश के मामले में मनाली में बीते 24 घंटों में 1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। हालांकि राज्य के अन्य हिस्सों में वर्षा या बर्फबारी दर्ज नहीं की गई। राज्य के किसी भी हिस्से में कोहरा, आंधी या तेज़ हवा नहीं चली और न ही कहीं पर बिजली कड़कने की सूचना मिली।
रिपोर्ट : यूके शर्मा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।