अब धरती पर कब लौटेंगी सुनीता विलियम्स? फिर टल गई वापसी, लेकिन नासा ने दी खुशखबरी
- स्पेसएक्स के फाल्कन 9 रॉकेट के ग्राउंड सपोर्ट सिस्टम में हाइड्रोलिक सिस्टम की समस्या के कारण लॉन्च को रोक दिया गया। इसके अलावा, खराब मौसम ने भी इस प्रक्रिया को प्रभावित किया।

भारतीय मूल की नासा अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके सहयोगी बुच विलमोर की पृथ्वी पर वापसी एक बार फिर स्थगित हो गई है। दरअसल नासा और स्पेसएक्स ने क्रू-10 मिशन के लॉन्च को टाल दिया है, जिसके कारण इन दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से वापस लाने में देरी हो रही है। यह मिशन मूल रूप से बुधवार, 12 मार्च को रात 7:48 बजे (भारतीय समयानुसार 13 मार्च को सुबह 5:18 बजे) केनेडी स्पेस सेंटर से लॉन्च होने वाला था, लेकिन तकनीकी खराबी और खराब मौसम के कारण इसे स्थगित कर दिया गया है।
अब कब लॉन्च होगा मिशन, क्या है ताजा अपडेट?
नासा ने घोषणा की है कि अगर सबकुछ ठीक रहा तो क्रू-10 मिशन अब शुक्रवार 14 मार्च को शाम 7.03 बजे (भारतीय समयानुसार शनिवार को सुबह 4.33 बजे) लॉन्च किया जाएगा। इस मिशन के तहत सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर को पृथ्वी पर वापस लाया जाएगा। यदि यह लॉन्च निर्धारित समय पर होता है, तो दोनों अंतरिक्ष यात्री 19 मार्च तक पृथ्वी पर लौट सकते हैं। क्रू-10 के आईएसएस पर पहुंचने के बाद क्रू-9 16 मार्च को स्टेशन से अलग होकर वापसी की यात्रा शुरू करेगा। इस क्रू में सुनीता विलिय्मस होंगी। हालांकि, मौसम और तकनीकी स्थिति के आधार पर यह तारीख 17 या 18 मार्च तक भी खिसक सकती है।
क्यों हो रही है देरी?
स्पेसएक्स के फाल्कन 9 रॉकेट के ग्राउंड सपोर्ट सिस्टम में हाइड्रोलिक सिस्टम की समस्या के कारण लॉन्च को रोक दिया गया। इसके अलावा, खराब मौसम ने भी इस प्रक्रिया को प्रभावित किया। नासा और स्पेसएक्स दोनों ही इस बात को सुनिश्चित करना चाहते हैं कि मिशन पूरी तरह सुरक्षित हो, क्योंकि यह सुनीता और विलमोर की वापसी के लिए महत्वपूर्ण है। नासा के एक प्रवक्ता ने कहा, "हम क्रू-10 के 12 मार्च को लॉन्च होने की स्थिति में क्रू-9 को 16 मार्च को वापस लाने की योजना बना रहे थे। अब लॉन्च में देरी के कारण यह समयसीमा बदल सकती है।"
सुनीता विलियम्स की अंतरिक्ष यात्रा
सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर 5 जून, 2024 को बोइंग के स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान से एक 10-दिवसीय मिशन के लिए रवाना हुए थे। हालांकि, स्टारलाइनर में तकनीकी समस्याओं के कारण उनकी वापसी संभव नहीं हो सकी, और यह यान सितंबर 2024 में बिना चालक दल के पृथ्वी पर लौट आया। इसके बाद से दोनों अंतरिक्ष यात्री पिछले नौ महीनों से आईएसएस पर हैं, जहां वे वैज्ञानिक रिसर्च और रखरखाव के कार्यों में व्यस्त हैं। नासा ने बताया कि इस दौरान उन्होंने 900 घंटे से अधिक समय तक 150 से ज्यादा वैज्ञानिक प्रयोगों में योगदान दिया है।
भावनात्मक विदाई
हाल ही में सुनीता विलियम्स ने आईएसएस का कमांड रूसी अंतरिक्ष यात्री अलेक्सी ओवचिनिन को सौंपा। इस दौरान एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, "सबसे मुश्किल हिस्सा यह है कि जमीन पर मौजूद हमारे परिवार और दोस्तों को नहीं पता कि हम कब लौटेंगे। यह उनके लिए एक रोलरकोस्टर की तरह रहा है।" सुनीता ने यह भी संकेत दिया कि यह उनकी आखिरी अंतरिक्ष उड़ान हो सकती है, जिससे वे भावुक हो गईं।
वापसी की योजना
क्रू-10 मिशन में चार अंतरिक्ष यात्री शामिल होंगे। इनमें नासा के ऐनी मैकक्लेन और निकोल आयर्स, जापान के तकुया ओनिशी और रूस के किरिल पेसकोव शामिल हैं। यह टीम स्पेसएक्स के ड्रैगन अंतरिक्ष यान पर सवार होकर आईएसएस जाएगी। इसके बाद सुनीता विलियम्स, बुच विलमोर, नासा के निक हेग और रूस के अलेक्सांद्र गोर्बुनोव क्रू-9 के हिस्से के रूप में वापस लौटेंगे। यह सुनिश्चित करने के लिए कि आईएसएस पर संचालन निर्बाध रूप से चलता रहे, दोनों क्रू के बीच कुछ दिनों का हैंडओवर होगा।
चुनौतियां और उम्मीदें
लंबे समय तक अंतरिक्ष में रहने के बाद सुनीता और विलमोर को पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण में ढलने में चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि उनकी वापसी के बाद सामान्य गतिविधियां जैसे चलना या सामान उठाना भी थकान भरा हो सकता है। इसके बावजूद, नासा का कहना है कि दोनों अंतरिक्ष यात्री स्वस्थ हैं और सुरक्षित हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।