सारंडा के बहदा लौट रहे श्रमिकों की बोलेरो को तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, बाल-बाल बचे सभी श्रमिक
गुवा। टाटा स्टील की विजय-टू खदान से लौट रहे श्रमिकों की बोलेरो को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मारी, लेकिन सभी श्रमिक बाल-बाल बच गए। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद श्रमिकों ने सतर्कता...
गुवा। टाटा स्टील की विजय-टू खदान से ड्यूटी समाप्त कर सारंडा के बहदा गांव लौट रहे श्रमिकों से भरी बोलेरो वाहन को सैडल गेट क्षेत्र में एक तेज रफ्तार लाईन ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। इस हादसे में बोलेरो में सवार सभी श्रमिक बाल-बाल बच गये, हालांकि कंपनी की बोलेरो वाहन को आंशिक नुकसान पहुंचा है। घटना के तुरंत बाद श्रमिकों ने सतर्कता दिखाते हुए फोन कर सैडल गेट पर मौजूद कर्मचारियों से संपर्क किया, जिसके बाद उक्त लाईन ट्रक को मौके पर ही पकड़ लिया गया। घटना के बाबत बहदा गांव निवासी श्रमिक मंगल माझी ने बताया कि घटना मंगलवार की दोपहर की है, जब वे लगभग आधा दर्जन श्रमिकों के साथ बोलेरो वाहन में सवार होकर ड्यूटी के बाद अपने गांव लौट रहे थे।
जैसे ही वाहन सैडल गेट पार किया, सामने से एक तेज रफ्तार लाईन ट्रक ने लापरवाही से चलाते हुए बोलेरो में टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि बोलेरो चालक की सूझबूझ और त्वरित प्रतिक्रिया के कारण हम सभी किसी बड़ी दुर्घटना से बच गये। यदि चालक ने गाड़ी पर तुरंत नियंत्रण नहीं पाया होता, तो जान-माल की भारी क्षति हो सकती थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।