मोहनपुर: शिवनगर में साइबर ठगों के खिलाफ दमन पुलिस की छापेमारी, दो हिरासत में, मास्टरमाइंड फरार
गुजरात में साइबर क्राइम की जांच के दौरान दमन पुलिस ने मोहनपुर के शिवनगर गांव में छापेमारी की। इस कार्रवाई में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया। आरोपी विशेष लिंक भेजकर...

देवघर, प्रतिनिधि। गुजरात में हुए एक बड़े साइबर क्राइम की जांच के दौरान दमन पुलिस ने महत्वपूर्ण सुराग मिलने पर मोहनपुर थाना के शिवनगर गांव में छापेमारी की। इस कार्रवाई में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जबकि इस गिरोह का मुख्य मास्टरमाइंड फरार हो गया। दमन पुलिस ने यह छापेमारी स्थानीय पुलिस की मदद से अंजाम दी। गौरतलब है कि गुजरात में साइबर ठगी के मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी। पूछताछ में इन दोनों ने खुलासा किया कि वे न केवल खुद साइबर ठगी करते थे, बल्कि अन्य लोगों को भी इस जुर्म में शामिल करते थे।
ये आरोपी ठगी के लिए विशेष लिंक बनाकर भेजते थे, जिनके माध्यम से लोगों की निजी जानकारी और बैंक डिटेल्स चोरी कर ली जाती थीं। इसी पूछताछ के आधार पर पुलिस मोहनपुर पहुंची, जहां से इस गिरोह के जाल का खुलासा हुआ। दमन पुलिस ने जैसे ही शिवनगर में छापेमारी शुरू की,कई लोग अपने घरों को छोड़कर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने दो युवकों को पकड़ने में सफलता पाई। कुछ ही दिनों में बनी करोड़ों की संपत्ति:- पुलिस सूत्रों के अनुसार, फरार मुख्य आरोपी ने कुछ ही महीनों में करोड़ों की संपत्ति अर्जित कर ली थी। उसके पास आलीशान बंगला, जेसीबी मशीन, लग्जरी गाड़ियां और महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान हैं। उसका मासिक कारोबार लाखों में बताया जा रहा है। इतना ही नहीं, वह अपने प्रभाव और पैसे के दम पर क्षेत्र में अपना वर्चस्व भी कायम किए हुए था। यह युवक रातों-रात अमीर बन गया था। पहले एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाला यह शख्स अचानक महंगी गाड़ियों में घूमने लगा और आधुनिक जीवनशैली अपनाने लगा। इस तरह की तेज़ी से आई समृद्धि ने कई लोगों को हैरान कर दिया था। स्थानीय संरक्षण में फल-फूल रहा था साइबर अपराध:- इस मामले की जांच के दौरान एक तथ्य सामने आया है कि ठाढीयारा गांव निवासी एक प्रभावशाली युवक के संरक्षण में यह पूरा साइबर ठगी का नेटवर्क फल-फूल रहा था। पुलिस को संदेह है कि इस शख्स ने न केवल अपराधियों को पनाह दी, बल्कि उन्हें तकनीकी मदद और संरक्षण भी प्रदान किया। उसके माध्यम से ही आरोपी लोग क्षेत्र में बिना किसी डर के अपना जाल फैला रहे थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।