4 दिन के गतिरोध के बाद प्रमुख व बीडीओ के बीच के विवाद का हुआ पटाक्षेप
पालोजोरी में पिछले 4 दिनों से चल रहे प्रमुख और बीडीओ के बीच गतिरोध का समाधान हो गया है। दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौते से विवाद समाप्त हुआ। धरना प्रदर्शन वापस लिया गया है, और अधिकारियों से पंचायत...

पालोजोरी,प्रतिनिधि। पिछले 4 दिनों से चले आ रहे प्रमुख व बीडीओ के बीच के गतिरोध का पटाक्षेप आखिरकार सोमवार की संध्या समाप्त हो गई। दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौते के आधार पर विवाद का समापन हुआ। विवाद सुलझने के बाद प्रमुख ने कहा कि बीडीओ के खिलाफ धरना प्रदर्शन वापस लिया जाता है। जानकारी हो कि बुधवार से प्रमुख की अगुवाई में पंचायत समिति सदस्य ने बीडीओ के व्यवहार के विरोध में प्रखंड मुख्यालय के सामने धरना प्रदर्शन कर शुरू किया था। सभी बीडीओ के तबादले की मांग कर रहे थे। मामले को सुलझाने के लिए बीडीओ ने कई बार पंचायत प्रतिनिधियों के समक्ष माफी भी मांगी थी।
इसके बाद कई पंचायत के मुखिया व पंचायत समिति सदस्यों ने मामले को सुलझाने के लिए सीओ अमित कुमार भगत से मध्यस्थता करने का आग्रह किया। इसके उपरांत सोमवार को सीओ ने प्रमुख उषा किरण मरांडी, बीडीओ अमिर हमजा व पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मामले को अपसी सहमति से सुलझाया। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि अधिकारियों द्वारा पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान का ख्याल रखा जाए। वहीं सीओ ने कहा कि अधिकारी व जनप्रतिनिधि के आपसी सहयोग से ही प्रखंड का बेहतर ढंग से संचालन हो सकता है। दोनों के सहयोग से प्रखंड में विकास की नई इबादत लिखी जाएगी। मौके पर प्रमुख के अलावे मुखिया संघ के अध्यक्ष नौशाद हक, मुखिया सोयेब अंसारी, मुखिया प्रतिनिधि देवेन्द्र मुर्मू, पंसस बबलू महतो, जितेन्द्र महतो, अजरूद्दीन अंसारी, सगीर अंसारी, चंद्रदेव मोहली, मुस्तफा अंसारी, खालीद जीया के अलावे अन्य पंचायत प्रतिनिधि मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।