सड़क दुर्घटना में जवान की मौत मामले में प्राथमिकी
देवघर-गोड्डा सड़क पर एक सड़क दुर्घटना में गोड्डा जिला के 36 वर्षीय पुलिस जवान नीलमणि पासवान की मौत हो गई। उनकी पत्नी नील ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई है। घटना 1 मई को हुई जब...

देवघर। देवघर-गोड्डा सड़क पर मोहनुपर थाना के चोपा मोड़ के समीप हाई स्कूल के पास सड़क दुर्घटना में गोड्डा जिला पुलिस 36 वर्षीय नीलमणि पासवान की मौत को लेकर पत्नी नीलम के बयान पर अज्ञात वाहन चालक पर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। मृतक जवान की 34 वर्षीय पत्नी ने बताया कि मूल रुप से रिखिया थाना के महेशमारा, खोरी महुआ निवासी है। लेकिन वर्तमान में कुंडा थाना के ठाढ़ी दुलामपुर में घर बनाकर पति रहते थे। कहा है कि उसके पति नीलमणि पासवान ने 1 सितंबर 2011 को देवघर जिला बल में पुलिस के रूप में योगदान दिया था। वर्तमान में गोड्डा जिला बल में तैनात थे।
बताया है कि 1 मई की रात 9:46 बजे पति का फोन आया था, जिसमें बताया था कि वह देवघर लौट रहे हैं। उसके कुछ ही समय बाद अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया, जिसने सूचित किया कि नीलमणि पासवान की सड़क दुर्घटना हो गई है। दुर्घटना देवघर-गोड्डा मुख्य सड़क पर जैप-05 चोपा मोड़ से आगे और हाई स्कूल के बीच हुई थी। घायल अवस्था में उन्हें स्थानीय ग्रामीणों की मदद से एम्बुलेंस द्वारा सदर अस्पताल लाया गया था। वहां ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने प्राथमिक जांचोंरांत मृत घोषित कर दिया था। बयान के अनुसार नीलमणि अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तभी विपरीत दिशा से तेज गति और लापरवाही से आ रहे अज्ञात भारी वाहन चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नीलमणि घटनास्थल पर ही बेहोश होकर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। उसी सड़क से गुजर रहे स्थानीय ने 108 एम्बुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया था, लेकिन वहां जांच के बाद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर शनिवार दोपहर घटनास्थल का निरीक्षण करने पुलिस पहुंची। ई-साक्ष्य में घटनास्थल की वीडियोग्राफी अपलोड की। स्थानीय ग्रामीणों से घटना के बारे में जानकारी ली गयी। घटनास्थल से लेकर चोपा मोड़ व मोहनपुर हाट तक सड़क किनारे अवस्थित विभिन्न दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस को अज्ञात वाहन के बारे में किसी प्रकार की जानकारी हाथ नहीं लग पायी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।