सत्र के 23 दिन बाद भी बच्चों को नहीं मिलीं किताबें
धनबाद के सरकारी स्कूलों में नया सत्र शुरू हुए 23 दिन हो गए हैं, लेकिन छात्रों को नई किताबें अभी तक नहीं मिली हैं। शिक्षक भी अनजान हैं, जबकि अधिकारी अगले सप्ताह तक किताबों की आपूर्ति की बात कर रहे हैं।...

धनबाद, मुख्य संवाददाता जिले के सरकारी स्कूलों का सत्र शुरू हुए 23 दिन बीत चुके हैं। छात्र-छात्राएं अपने शिक्षकों से पूछ रहे हैं कि नई किताबें कब तक मिलेंगी। जवाब में शिक्षक कह रहे हैं कि हमलोगों को भी जानकारी नहीं है। अधिकारियों से जानकारी मिल रही है कि अगले सप्ताह तक किताबें मिल जाएंगी। नए सत्र के लिए नई किताबें अब तक धनबाद के किसी भी प्रखंड को नहीं मिली हैं। वर्तमान में बच्चे पुरानी किताबों से पढ़ाई कर रहे हैं।
झारखंड शिक्षा परियोजना धनबाद ने झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद से सत्र 2025-26 के लिए पहली से 10वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं के लिए 2,27,925 सेट किताबों की मांग की है। 11वीं व 12वीं के छात्र-छात्राओं के लिए मांग अलग है। जानकारों का कहना है कि मई में ही बच्चों के हाथ में किताबें आ पाएंगी। जिला कार्यालय की ओर से भी लगातार राज्य मुख्यालय से किताबों के लिए संपर्क साधा जा रहा है। मुख्यालय से कहा जा रहा है कि जल्द ही धनबाद में किताबों की आपूर्ति होगी। अब छात्र-छात्राओं को किताब मिलने का इंतजार है।
--
--
क्लासवाइज किताबों की मांग
कक्षा एक 17546, कक्षा दो 25,682, कक्षा तीन 24,469, कक्षा चार 23770, कक्षा पांच 24135, कक्षा छह 22685, कक्षा सात 24523, कक्षा आठ 28,348, कक्षा नौ 17,488 व कक्षा 10 के लिए 19,279 सेट किताबों की मांग है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।