पुरुलिया जेल में बंद गुड्डू ने फहीम की हत्या की ली थी सुपारी
धनबाद में ओम प्रकाश प्रसाद उर्फ गुड्डू ने पांच साल पहले गैंगस्टर फहीम खान की हत्या की सुपारी ली थी। हाल ही में वह बैंक मोड़ क्षेत्र में माइक्रो फाइनांस कंपनी में लूटपाट की साजिश रच रहा था। गुड्डू...

धनबाद, मुख्य संवाददाता। बैंक मोड़ क्षेत्र में माइक्रो फाइनांस कंपनी में लूटपाट की साजिश रचने वाले ओम प्रकाश प्रसाद उर्फ गुड्डू ने पांच साल पहले वासेपुर के गैंगस्टर फहीम खान की हत्या की सुपारी ली थी। जमशेदपुर के घाघीडीह से कोर्ट में पेशी के दौरान वह फहीम को मारने की फिराक में जुटा था। इस दौरान 14 मार्च-2020 में बिहार की शेखपुरा पुलिस ने उसे सरायढेला के एक होटल से दबोचा था। शेखपुरा पुलिस के समक्ष गुड्डू ने फहीम की हत्या की सुपारी लेने की बात कबूली थी। पश्चिम बंगाल की पुरुलिया जेल में बंद हार्डकोर कुख्यात अपराधी ओम प्रकाश प्रसाद उर्फ गुड्डू पिछले कई दिनों से बैंक मोड़ की माइक्रो फाइनांस कंपनी में डकैती की साजिश रच रहा था।
जेल गए उसके गिरोह के साथियों ने यह खुलासा किया है। सेनको गोल्ड में हुए आठ करोड़ के जेवर लूट मामले में वह वर्षों से पुरुलिया जेल में बंद है। गुड्डू झारखंड के अलावा बिहार और बंगाल के 30 से अधिक लूट, डकैती व हत्या कांडों में शामिल रहा है। चंदनकियारी में मामूली बात पर कर दी थी हत्या: गुड्डू ने मामूली बात पर बोकारो के चंदनकियारी के हाथडुबा में 20 फरवरी 2020 को ग्रामीण वासुदेव महतो की गोली मार कर हत्या कर दी थी। गुड्डू और उसके पांच साथी 19 फरवरी-2020 को आसनसोल में साउथ पुलिस स्टेशन एरिया में एक जेवरात की दुकान में पांच करोड़ रुपए का गहना लूट कर भाग रहे थे। चंदनकियारी में वह लूटकांड के कुछ सबूत को जला रहा था। रोक-टोक करने के गए वासुदेव को उसने गोली मार दी थी। बेऊर और कोलकाता की अलीपुर जेल में रहते बनाया गैंग: पटना के बेऊर और कोलकाता की अलीपुर जेल में रहते हुए गुड्डू ने डकैती गिरोह तैयार किया। कोलकाता की अलीपुर जेल में ही उसकी मुलाकात 2019 में पटना के दीघा-आशियाना रोड स्थित पंचवटी ज्वेलर्स से पांच करोड़ की डकैती डालने वाले रवि गुप्ता उर्फ रवि पेसेंट से हुई थी। 19 दिसंबर 2020 को गुड्डू ने रवि पेसेंट के साथ-साथ 2006 में पटना की पाटलिपुत्र कॉलोनी में लूट के दौरान पटना वीमेंस कॉलेज की प्रोफेसर पापिया घोष व उनकी नौकरानी की हत्या करने वाले आशीष राय को पटना सिविल कोर्ट से भगाया था। इसके लिए गुड्डू ने धनबाद से अपने लड़कों को पटना भेजा था। आईपीएस मनु महराज की सूचना पर धनबाद से हुई थी गिरफ्तारी: 2020 में गुड्डू ने जामताड़ा में भी एक ज्वेलरी दुकान में डकैती की थी। लूटपाट के बाद वह स्टील गेट में छिप कर ऐश कर रहा था। उसके साथ रवि पेसेंट और आशीष राय सहित अन्य तीन अन्य लड़के थे। बिहार के तेजतर्रार आईपीएस व तत्कालीन मुंगेर रेंज डीआईजी मनु महाराज को सूचना मिली कि गुड्डू गैंग शेखपुरा में कांड को अंजाम देने वाला है। उन्होंने ही टीम भेजकर गुड्डू को गिरफ्तार कराया था। हालांकि उसके साथी भाग निकले थे। भौंरा में बीता है बचपन, बीसीसीएलकर्मी पिता की हो चुकी है मौत: 38 साल के गुड्डू का बचपन जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के भौंरा के जेएम स्कूल के पास बीता है। उसके पिता कपिलदेव प्रसाद की मृत्यु हो गई है। वह मूल रूप से राजगीर का रहने वाला है। डकैती कांडों के बाद वह बंगाल और बिहार की अलग-अलग जगहों पर शरण लेते रहा है। बैंक मोड़ थाने में मंगलवार को दर्ज मामले में गुड्डू को रिमांड किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।