मनोरम नगर में बदबू के कारण घर से निकलना मुश्किल
धनबाद के मनोरम नगर के निवासियों ने कला भवन में आयोजनों के बाद तुरंत सफाई कराने की मांग की है। लोग बदबू के कारण घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। स्थानीय निवासी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पार्टी का बचा...

धनबाद, मुख्य संवाददाता लुबी सर्कुलर रोड में नगर निगम मुख्य कार्यालय के पीछे अवस्थित मनोरम नगर के लोगों ने निगम व कला भवन से गुहार लगाते हुए कहा है कि हमलोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। कला भवन में आयेदिन शादी व अन्य आयोजन होते हैं। प्रोग्राम खत्म होने के बाद तत्काल साफ-सफाई नहीं कराई जाती है। इससे पूरे मुहल्ले के लोगों को परेशानी हो रही है। बदबू के कारण घर से निकल भी नहीं पा रहे हैं। पार्टी का जो भी खाना बच जाता है, उसे कलाभवन के कोने में रख दिया जाता है। गर्मी व बारिश के कारण खाना सड़ जाता है।
उसके बाद कला भवन के बगल में मनोरम नगर की सड़क पर चलना मुश्किल हो जाता है। स्थानीय निवासी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि सड़क पर निकलते ही तेज बदबू आती है। हमेशा घर का दरवाजा और खिड़की को बंद करके रखना पड़ता है। हमलोगों की मांग है कि जिस दिन पार्टी खत्म होती है, उसी दिन सफाई कराई जाए। खाना बचता है तो खाना कहीं ले जाकर जरूरतमंदों के बीच वितरित कर दें। कला भवन के प्रबंधन से जुड़े लोग हमेशा दो दिन मांगते हैं और होता कुछ नहीं है। जिला प्रशासन व नगर निगम से भी मामले में संज्ञान लेने की मांग की गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।