खुलासा : शादी से इंकार करने पर देवर ने ही अपनी भाभी की थी हत्या, गिरफ्तार
दुमका में एक देवर ने शादी की इच्छा पूरी न होने पर अपनी भाभी की हत्या कर दी। 7 जून को महिला का शव गोबर के ढेर में छिपा हुआ मिला। आरोपी मंगल मुर्मू ने स्वीकार किया कि उसने भाभी सुकुमानी सोरेन से शादी का...

दुमका, प्रतिनिधि। शादी रचाने की ख्वाहिश पूरी नहीं होने पर देवर ने भाभी की हत्या कर दी और शव को गोबर के ढेर में छुपा दिया था। इसका खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने आरोपी देवर मंगल मुर्मू को गिरफ्तार किया। उसने अपनी भाभी की हत्या करने का गुनाह को स्वीकार भी कर लिया है। शनिवार को दुमका के पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने अपने कार्यालय कक्ष में पत्रकारों के साथ बातचीत में बताया कि देवर मंगल मुर्मू अपनी भाभी से ही प्यार कर बैठा था और वह उसी से शादी करना चाह रहा था। बताया कि महिला सुकुमानी सोरेन के पति मटरु मुर्मू मुम्बई में दैनिक मजदूरी किया करता था।
दोनों को दो छोटे-छोटे बच्चे भी है। मई माह में महिला के पति मुम्बई से घर लौट आया था। पति के आने के बाद देवर अपनी भाभी से बातचीत नहीं कर पा रहा था। पति के लौटने पर महिला दोनों बच्चों को छोड़ मायके रामगढ़ चली गई थी। इसी बीच देवर ने किसी बहाने उसे जरमुंडी थाना क्षेत्र के जरुवाडीह गांव के पास बुलाया। महिला देवर के बुलाने पर आ गई। दोनों एक पेड़ की छांव में बैठकर कुछ देर तक बातचीत की। एसपी ने बताया कि युवक ने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि उसने अपनी भाभी को शादी करने का प्रस्ताव रखा और कहा कि दोनों बच्चों एवं भैया को छोड़ दूसरे जगह चले जाएंगे। देवर के इस प्रस्ताव को महिला ने ठुकरा दिया और महिला ने अपने देवर के गाल में जोर से एक थप्पड़ जड़कर जाने लगी। इसी बीच देवर आवेश में आकर भाभी की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के लिए शव को गोबर के ढेर में छुपा दिया गया था। 7 जून को महिला के शव को किया गया था बरामद, 72 घंटे के बाद शव की हुई थी शिनाख्त एसपी ने बताया कि 7 जून को जरमुंडी के जरुवाडीह गांव के पास चुंडा मरांडी के खेत से महिला के शव को बरामद किया गया था। शव की शिनाख्त 72 घंटे के बाद हुई थी। इस मामले में जरमुंडी थाना में धारा 103(1)/238(ए) बीएनएस के तहत हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसकी सूचना स्थानीय एवं आसपास के थाना एवं जिला में प्रसारित करवाया गया था। इस क्रम में मृतका के मायके (ग्राम- बुढ़ाडंगाल थाना रामगढ़, जिला- दुमका) वालों के द्वारा मृतका की पहचान सुकुमानी सोरे पति- मटरु मुर्मू, रंगाबांध बेलदाहा पोस्ट, थाना- तालझारी, जिला- दुमका के रुप में की गई। माचके वालों ने बताया कि सुकुमानी सोरेन को उनके देवर मगल मुर्मू ने 4 जून को फोन किया था और जरमुंडी स्टेशन बुलाया था। एसपी ने बताया कि अनुसंधान के क्रम में गवाहों ने भी बताया कि 04 जून 2025 की शाम को ग्राम जरुवाडीह स्थित इस कांड के घटनास्थल पर एक लड़का-एक औरत पेड़ की छांव में बैठ कर बातचीत करते हुए देखे गए थे। तकनीकी सेल की मदद से महिला के हत्यारोपी देवर का चला था पता अनुसंधान के क्रम में मृतका सुकुमानी सोरेन एवं अभियुक्त मंगल मुर्मू के फोन नम्बर को प्राप्त कर तकनीकी सेल की मदद से छानबीन की गई। मृतका एवं अभियुक्त दोनों का टावर लोकेशन घटना के समय घटनास्थल पर ही पाया गया। अभियुक्त मंगल मुर्मू ने पूछताछ के क्रम में अपना अपराध स्वीकार किया तथा बताया कि उसको अपने भाभी सुकुमानी सोरेन के साथ प्रेम हो गया था और वह भाभी से शादी कर दूर भाग जाना चाह रहा था,पर भाभी इंकार कर गई। इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुआ और भाभी ने अपने देवर के गाल में एक थप्पड़ जड़ दिया। इसी गुस्से में अभियुक्त मंगल मुर्म ने बगल में पड़े पत्थर से सुकुमानी सोरेन के सिर में प्रहार कर हत्या कर दी तथा शव को बगल में पड़े गोबर खाद के ढेर में छिपा दिया गया था। शव की पहचान करने के लिए आरोपी देवर भी पहुंचा था पोस्टमार्टम हाउस शव की पहचान करने के लिए परिजनों के साथ हत्यारोपी देवर भी दुमका के पीजेएमसीएच पहुंचा था। पुलिस को देखकर भी वह भयभीत नहीं हुआ था। सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को लेकर वह परिवार वालों के साथ घर चला गया था। इसी बीच पोस्टमार्टम हाउस में एक व्यक्ति ने अपनी दबी जुबान से देवर पर हत्या कर शव को जरमुंडी के जरुवाडीह में फेंक देने की आशंका भी जतायी थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।