सीएचसी के औचक निरीक्षण में मिली अव्यवस्था पर जतायी नाराजगी
फोटो भवनाथपुर एक-कर्मियों से जानकारी प्राप्त करती प्रमुख शोभा देवी बुधवार को प्रखंड प्रमुख शोभा देवी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किय

भवनाथपुर, प्रतिनिधि। बुधवार को प्रखंड प्रमुख शोभा देवी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में अस्पताल कर्मियों का समय से ड्यूटी नहीं करने सहित कई कर्मी गायब मिले। उसपर उन्होंने गहरी नाराजगी जताते हुए ड्यूटी के प्रति लापरवाह कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीसी और सिविल सर्जन से शिकायत करने की बात कही। प्रमुख सुबह के 9.40 बजे सीएचसी अस्पताल का निरीक्षण के लिए पहुंची। उस दौरान ओपीडी में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था। वहीं मरीज का रजिस्ट्रेशन, दवा वितरण के लिए भी कर्मी मौजूद नहीं था। कार्यालय में बड़ा बाबु सुनील कुमार पटेल को छोड़कर कोई उपस्थित नहीं मिला।
पूछे जाने पर अस्पताल के प्रभारी पदाधिकारी डॉ शैलेंद्र कुमार ने प्रमुख को बताया कि ओपीडी की ड्यूटी उनके जिम्मे ही थी। वह उपस्थिति बनाने आ गये थे। प्रमुख ने अस्पताल में रोस्टर चार्ट नहीं होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए अविलंब अस्पताल में रोस्टर लगवाने का निर्देश दिया। वहीं प्रमुख मरीज वार्ड में पहुंचकर जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि बेड पर चादर नहीं था। मरीज को सही चिकित्सा व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं होने सहित शौचालय में गंदगी का अंबार लगे रहने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मौके पर मौजूद प्रभारी पदाधिकारी को अस्पताल में अव्यवस्था में सुधार करने की नसीहत दी। प्रमुख ने कहा कि अस्पताल में ओपीडी सुबह 9 बजे से लेकर 3 बजे तक निर्धारित है। उसके बावजूद समय पर कर्मी नहीं पहुंचते। कर्मी मनमानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा तीन प्रखंडों का एकमात्र अस्पताल की यह दुर्दशा चिंताजनक है। अधिकारी और कर्मियों की मनमानी रवैये के कारण आमलोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल की अव्यवस्था की बराबर मिल रही शिकायत के आलोक में निरीक्षण किया। निरीक्षण में अव्यवस्था मिली है। लापरवाह डॉक्टर और कर्मियों पर कार्रवाई के लिए डीसी और सिविल सर्जन को पत्र लिखेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।