नदियों और अन्य जल स्रोतों के संरक्षण की दिशा में लिया गया संकल्प
विश्व पर्यावरण दिवस एवं गंगा दशहरा की पूर्व संध्या पर दानरो तट पर हुई भव्य गंगा आरती सहिजना छठ घाट पर आयोजित गंगा आरती का भव्य दृश्य गढ़वा, प्रतिनिधि

गढ़वा, प्रतिनिधि। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बुधवार शाम पर्यावरण दिवस के पूर्व संध्या पर दानरो सहिजना छठ घाट पर गंगा आरती का आयोजन किया गया। सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार की अगुवाई में कई सामाजिक संस्थाओं ने एकजुट होकर पर्यावरण दिवस व गंगा दशहरा की पूर्व संध्या पर उक्त जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नदी व अन्य जल स्रोतों को संरक्षण के लिए जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम में वाराणसी अस्सी घाट व रांची से पुरोहितों ने अनुष्ठानिक विधि से मनोहरी अंदाज में गंगा आरती संपन्न करायी। उक्त कार्यक्रम लगभग डेढ़ घंटे तक चला। कार्यक्रम में बूढ़े, बच्चे, स्त्री, पुरुष सभी की सहभागिता रही।
लोगों को गंगा आरती, शिव तांडव स्तोत्र, अच्युतम केशवम सहित कई प्रस्तुतियों ने मंत्रमुग्ध कर दिया। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी ने मौके पर मौजूद लोगों को दानरो नदी के संरक्षण का संकल्प दिलाया। सभी ने प्रतिबद्धता प्रकट की कि सभी गढ़वावासी मिलकर न स्वयं इस नदी को प्रदूषित करेंगे न ही दूसरों को ऐसा करने देंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।