परशुराम जयंती पर झामुमो की सामाजिक पहल, बांटा शर्बत
फोटो संख्या पांच: भगवान परशुराम जयंती पर रंका मोड़ पर राहगीरों को शीतल शर्बत पिलाते झामुमो कार्यकर्ता भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर

गढ़वा, प्रतिनिधि। भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से जिला मुख्यालय स्थित रंका मोड़ पर सामाजिक पहल के तहत शीतल शर्बत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के मौसम में राहगीरों और जरूरतमंदों के बीच इस कार्यक्रम के आयोजन की लोगों ने सराहना की। यह आयोजन न केवल धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक रहा बल्कि समाज सेवा के प्रति झामुमो की प्रतिबद्धता का भी सशक्त उदाहरण बना। वहीं सुबह खोण्हर मंदिर परिसर में स्थापित भगवान परशुराम की विशाल प्रतिमा का पूजा अर्चना कर झंडा स्थापित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह से ही हो गई थी जब झामुमो कार्यकर्ता शर्बत तैयार करने और वितरण की व्यवस्था में जुट गए थे।
जैसे-जैसे दिन चढ़ा और तापमान बढ़ा वैसे-वैसे रंका मोड़ से गुजरने वाले लोग इस सेवा से लाभान्वित होते गए। शर्बत वितरण स्थल पर सैकड़ों की संख्या में राहगीर, दोपहिया वाहन सवार, दुकानदार, मजदूर और आम नागरिक पहुंचे और ठंडे शर्बत का आनंद लिया। कार्यक्रम में झामुमो के कई स्थानीय नेता, वरिष्ठ कार्यकर्ता और युवा मोर्चा के सदस्य मौजूद थे। सभी ने मिलकर सेवा कार्य में भाग लिया और लोगों को शर्बत पिलाते हुए भगवान परशुराम जयंती की शुभकामनाएं दीं। झामुमो नेताओं ने इस अवसर पर भगवान परशुराम के जीवन चरित्र और उनके सामाजिक योगदान पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि परशुराम जी का जीवन सत्य, धर्म और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक है। वह केवल एक वीर योद्धा नहीं, बल्कि समाज सुधारक भी थे। उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं और हमें प्रेरणा देते हैं कि समाज के कमजोर वर्गों की सेवा की जाए। कार्यक्रम में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। कतारबद्ध तरीके से शर्बत वितरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में झामुमो कार्यकर्ताओं ने भविष्य में भी इसी तरह सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में धीरज दुबे, मनोज तिवारी, राजेश तिवारी, नारद तिवारी, ज्योतिष धर दुबे, जितेंद्र दुबे, रविन्द्र तिवारी, कार्तिक पांडे, किशोर ओझा, अरविंद मिश्रा, संजय मिश्रा, प्रमोद तिवारी, मुकेश तिवारी, रंजन तिवारी, नवलेश धर दुबे, रवि रंजन दुबे, विपुल तिवारी, अभिषेक धर दुबे, प्रेम प्रकाश दुबे, अविनाश दुबे सहित अन्य मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।