29 मई से विकसित कृषि संकल्प अभियान की होगी शुरुआत
बेंगाबाद में 29 मई से विकसित कृषि संकल्प अभियान की शुरुआत होगी, जो 12 जून तक चलेगा। इस अभियान का उद्देश्य किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है। 1600 वैज्ञानिकों की टीम...

बेंगाबाद। बेंगाबाद के कृषि विज्ञान केंद्र से 29 मई से विकसित कृषि संकल्प अभियान की शुरुआत की जाएगी। यह अभियान 12 जून तक चलेगा। इस अभियान की सफलता के लिए केविके के द्वारा इसकी व्यापक तैयारी की गई है। इस बाबत केविके के प्रधान सह वरीय कृषि वैज्ञानिक डा पंकज सेठ ने कहा कि विकसित कृषि संकल्प यात्रा जिले के प्रत्येक प्रखंड के गांवों तक पहुंचेगी और किसानों को उन्नत कृषि तकनीक की नई किस्मों और सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विकसित कृषि संकल्प अभियान कृषि विज्ञान केंद्र सहित देश के 731 कृषि विज्ञान केंद्रों द्वारा संचालित किया जाएगा।
इस अभियान के लिए देश स्तर से 1600 हजार वैज्ञानिकों का चयन किया गया है। चयनित वैज्ञानिकों द्वारा गांव-गांव में कृषकों से सीधा संवाद करेंगे। इसके लिए देश स्तर पर 2000 हजार टीम गठित की गई है। झारखंड प्रदेश के लिए 44 और गिरिडीह जिला के लिए दो टीम बनाई गई है। गिरिडीह जिला की पहला टीम के लिए डा पंकज सेठ और दूसरी टीम की डा नवीन कुमार को नेतृत्व करने की जिम्मेवारी सौंपी गई है। टीम में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, कृषि प्रौद्योगिकी और जैव प्रौद्योगिकी संस्थान रांची के वैज्ञानिक एवं रविंद्र नाथ कृषि महाविद्यालय देवघर के वैज्ञानिक शामिल होगें। सात कृषि वैज्ञानिकों की बनी एक टीम द्वारा प्रत्येक दिन छह गांवों का भ्रमण करेंगे। गठित टीम गिरिडीह जिले के 90 गांवों के किसानों से संपर्क स्थापित कर वैज्ञानिक सीधा संवाद करेंगे। किसानों को कृषि के नवीनतम तकनीकियों के प्रति जागरूक करना इस अभियान का मुख्य लक्ष्य है। इसमें धान की सीधी बुआई से लेकर फसल विविधीकरण एवं मशीनीकरण के विषय पर जानकारी दी जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।