संविधान खत्म कर देना चाहती है केंद्र की भाजपा सरकार: कांग्रेस
गिरिडीह में कांग्रेस ने संविधान बचाओ रैली का आयोजन किया। रैली में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर संविधान खत्म करने का आरोप लगाया। शहजादा अनवर ने कहा कि कांग्रेस संविधान की रक्षा के लिए सड़क पर है।...

गिरिडीह, प्रतिनिधि। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा बुधवार को जिला स्तरीय संविधान बचाओ रैली का आयोजन किया गया। रैली में कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार पर हमला बोला। कहा कि कि केंद्र की भाजपा सरकार संविधान को खत्म कर देना चाहती है। रैली शहर के मुख्य मार्गों का भ्रमण करते हुए होटल संगम गार्डन के हॉल में एक सभा में तब्दील हो गई। रैली में मुख्य रूप से झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर एवं जिला के पर्यवेक्षक व मांडू के पूर्व विधायक जयप्रकाश पटेल उपस्थित थे। रैली में काफी संख्या में मौजूद कार्यकर्ता संविधान बचाओ देश बचाओ, संविधान की रक्षा कौन करेगा हम करेंगे हम करेंगे सरीखे नारे लगा रहे थे।
रैली के दौरान अंबेडकर चौक पर बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। रैली के पश्चात आयोजित सभा में तमाम कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शहजादा अनवर ने कहा कि केंद्र में बैठी सरकार पूरी तरह से संविधान को खत्म कर देना चाहती है। कहा कि हमारा संविधान दुनिया के श्रेष्ठ संविधानों का अध्ययन कर पूरे विश्व का सर्वश्रेष्ठ संविधान बनाया गया। जिस संविधान को बाबा साहब डॉ अंबेडकर और डॉ राजेंद्र प्रसाद जैसे महापुरुषों ने मिलकर बनाया आज उस संविधान को बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी संसद से लेकर सड़क पर मौजूद है, क्योंकि हमने देश बनाया है और हम ही देश बचाएंगे। सभा को संबोधित करते हुए जिला के पर्यवेक्षक जयप्रकाश पटेल ने कहा कि आजादी के पूर्व से ही कांग्रेस पार्टी ने लगातार राष्ट्र निर्माण का काम किया है। आज संविधान को समाप्त करने की कोशिश की जा रही है। जिसे हम कांग्रेस के कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेंगे। जिला अध्यक्ष धनंजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता पूरी मजबूती से संविधान की रक्षा के लिए खड़ा है। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता यह जानता है कि हमने देश को आजादी दिलाई है और इस आजादी को अक्षुण्ण रखना हमारा कर्तव्य है। कार्यकारी अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि इस देश में एक विचारधारा जहर घोलने का काम कर रही है। वह आज पूरी तरह से देश को तोड़ना चाहती है। संविधान को नष्ट करना चाहती है और देश की तमाम संवैधानिक संस्थाओं चाहे वह चुनाव आयोग हो, ईडी हो, सीबीआई हो, इसका इस्तेमाल अपने विरोधियों के खिलाफ करती है। वह चाहती है कि कांग्रेस समाप्त हो जाए। इसलिए यह संविधान को समाप्त करना चाहती है, लेकिन किसी भी कीमत पर हम कांग्रेस के कार्यकर्ता इसे कामयाब नहीं होने देंगे। सभा को प्रदेश सचिव नरेश वर्मा, उपेंद्र सिंह, अजय सिन्हा, ऋषिकेश मिश्रा, अशोक विश्वकर्मा, मो इकबाल, अहमद राजा नूरी, मो निजामुद्दीन, मनोज राय, अभिनंदन प्रताप सिंह, अशोक निराला, रणधीर चौधरी, इम्तियाज अंसारी, निजामुद्दीन अंसारी, इतवारी वर्मा, दुर्गा शर्मा, इशरत परवीन, रोशनीटा हेंब्रम, नकुल सिंह, रघुनंदन प्रसाद सिंह, विमल सिंह, मोहम्मद ताजुद्दीन, निषाद, प्रदीप पांडे ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मोहम्मद अली खान, नदीम अख्तर, प्रवीण हेंब्रम सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।