गिरिडीह को पहला रिवर फ्रंट शीघ्र, कंसल्टेंट एजेंसी बना रही डीपीआर
गिरिडीह शहर में कई बदलाव होने जा रहे हैं। कल्याणडीह से अम्बेदकर चौक तक फोरलेन सड़क का निर्माण चल रहा है। इसके साथ ही शहरवासियों को पहला 800 मीटर लंबा रिवर फ्रंट भी मिलेगा, जो मनोरंजन और सामाजिक...

गिरिडीह। चालू वर्ष में गिरिडीह शहर में कई बदलाव देखने को मिलेंगे। पहली फोरलेन सड़क कल्याणडीह से अम्बेदकर चौक तक मिलेगी, जिसका काम तेजी से चल रहा है। इसके साथ पूरे शहर को जलनिकासी और जलभराव से निजात मिलेगा। इसी साल शहरवासियों को पहला रिवर फ्रंट की भी सौगात मिलनेवाली है, जिस पर नगर निगम काम कर रही है। रिवर फ्रंट बनने से शहर के लोगों को मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों के लिए निश्चित एक जगह मिल जाएगी। यह सब कार्य सूबे के नगर विकास व आवास मंत्री सह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के प्रयास से नगर निगम पूरा करने में लग गई है।
800 मीटर लंबा होगा रिवर फ्रंट: शहर को मिलनेवाला यह रिवर फ्रंट पहला होगा, जो अरगाघाट से पुराना उसरी पुल तक बनेगा। इसकी लंबाई 800 मीटर होगी। नोएडा की मेसर्स जोडार्ट कंसल्टेंट्स इसकी डीपीआर तैयार कर रही है। इसी एजेंसी को निगम ने शहर के बन्खंजो रोड पेसरागढ़ा से लेकर झरियागादी तक उसरी नदी के किनारे करीब 05 किलोमीटर लंबी ड्रेनेज प्रोजेक्ट सौंपी है। दोनों योजना नगर निगम के लिए खास है। अरगाघाट से पुराना उसरी पुल तक रिवर फ्रंट की यह योजना यदि आय स्रोत से भी लाभकारी साबित होती है तो नगर निगम शास्त्रीनगर तक रिवर फ्रंट को ले जाने की आगे प्लानिंग करेगी। फिलहाल रिवर फ्रंट बनाने के कार्य की जो रूपरेखा तैयार हो रही है, उसमें एंटरटेनमेंट एक्टिविटी को बढ़ाने पर जोर होगा। लोग आएंगे और रिवर फ्रंट का लुत्फ लेंगे। क्या रहेगा खास, सुंदरता पर फोकस: रिवर फ्रंट शहर की सुंदरता को बढ़ाएगा। यह शहर के लिए आकर्षक जगह बनेगी। लोग इसकी सुंदरता का आनंद लेंगे। मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों के लिए जगह होगी। लोग यहां टहल सकते हैं, खेल सकते हैं और अन्य सामाजिक गतिविधियों में भाग ले सकते हैं। शहर में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। शहर के लोग और बाहरी लोग इस जगह पर आ सकते हैं और इसका आनंद ले सकते हैं। इसके अलावा कैफेटेरिया, चिल्ड्रेन पार्क, स्विमिंग पुल, वाकिंग ट्रेक, मल्टी लेवल पार्किंग जैसी कई नई सुविधाएं जुड़ेगी। वहीं उपनगर प्रशासक प्रशांत कुमार लायक ने बताया कि अरगाघाट से पुराना पुल नदी किनारे रिवर फ्रंट बनेगा। जिसकी लंबाई 800 मीटर होगी। सम्बंधित एजेंसी स्थल दौरा कर डीपीआर बना रही है। रिवर फ्रंट के लिए भूमि भी खाली है। पहले फेज की इस योजना पर रिस्पोंस अच्छा मिला तो रिवर फ्रंट शास्त्रीनगर तक बनाएंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।