RJD Jamshedpur Unit Faces Turmoil Over District President Controversy हंगामा और विरोध के बीच शंभू चौधरी बने राजद जिलाध्यक्ष, Jamshedpur Hindi News - Hindustan
Hindi NewsJharkhand NewsJamshedpur NewsRJD Jamshedpur Unit Faces Turmoil Over District President Controversy

हंगामा और विरोध के बीच शंभू चौधरी बने राजद जिलाध्यक्ष

राष्ट्रीय जनता दल की जमशेदपुर इकाई में जिला अध्यक्ष शंभू चौधरी की नियुक्ति को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कई नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया, क्योंकि चुनाव को स्थगित करने का आदेश पहले ही जारी किया गया...

Newswrap हिन्दुस्तान, जमशेदपुरWed, 11 June 2025 06:17 PM
share Share
Follow Us on
हंगामा और विरोध के बीच शंभू चौधरी बने राजद जिलाध्यक्ष

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की जमशेदपुर इकाई में जिला अध्यक्ष पद को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। विधानसभा चुनाव लड़ चुके शंभू चौधरी को राजद का जिला अध्यक्ष घोषित करने के बाद पार्टी के भीतर हंगामा और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। चौधरी पहले आम आदमी पार्टी (आप) और फिर भाजपा में रह चुके हैं। मंगलवार को सर्किट हाउस में राजद के पर्यवेक्षक जनार्दन कुमार की देखरेख में बैठक हुई। इसके बाद अध्यक्ष पद पर शंभू चौधरी को नियुक्त किया गया। घोषणा के तुरंत बाद, पार्टी के कई नेताओं ने तीखा विरोध दर्ज कराया। उनका कहना था कि जब राज्य निर्वाचन पदाधिकारी गिरधारी गोप की ओर से 8 जून को जारी पत्र में पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष का चुनाव अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया गया था, तो फिर नए जिला अध्यक्ष की नियुक्ति कैसे की जा सकती है? शंभू चौधरी हाल ही में पार्टी में शामिल हुए हैं और उन्हें सीधे जिला अध्यक्ष बना दिया गया है।

नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष शंभू चौधरी ने कहा कि पार्टी ने रांची से चुनाव पर्यवेक्षक जनार्दन कुमार को भेजा था, जिनकी देखरेख में चुनाव हुआ। चुनाव स्थगित करने की सूचना पर्यवेक्षक को दी जानी चाहिए थी। राजद के पूर्वी सिंहभूम जिला के निवर्तमान अध्यक्ष सुभाष यादव, श्रमिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष ललन यादव, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष बलदेव सिंह मेहरा और युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष कमलेश यादव ने संयुक्त रूप से बयान जारी कर नियुक्ति को असंवैधानिक बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी नियमों और राज्य चुनाव अधिकारी के आदेशों की धज्जियां उड़ाई गई हैं। सांगठनिक चुनाव के संबंध में कार्यकर्ताओं और अधिकारियों को कोई सूचना नहीं मिली थी। उन्होंने राज्य मुख्य चुनाव अधिकारी को लिखित शिकायत दर्ज कराई है। राज्य चुनाव अधिकारी गिरधारी गोप ने चुनाव को निरस्त करने की बात कही है, जिससे राजद जमशेदपुर में राजनीतिक घमासान और तेज होने की संभावना है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।