झारखंड में मॉनसून की जबरदस्त एंट्री, पहले ही दिन जमकर बारिश, आज भी रेड अलर्ट
झारखंड में मॉनसून दस्तक दे चुका है। कल रांची समेत कई जगहों पर जमकर बारिश हुई। मौसम विभाग ने झारखंड में आज भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

रांची समेत झारखंड के ज्यादातर जिलों में मंगलवार को मॉनसून पहुंच गया। इस दौरान कई जिलों में हल्की तो कुछ जगहों पर भारी बारिश हुई। इसके साथ ही लोगों को उमसभरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक डॉ. बाबूराज पीपी और वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मॉनसून पूरी तरह से काबिज हो चुका है। पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा में इसके 48 घंटों में काबिज होने की संभावना है। 21 जून तक पूरे राज्य में बारिश के आसार हैं।
दो दिन देर से पहुंचा
आनंद ने बताया कि मॉनसून निर्धारित समय से दो दिन लेट है। यह सामान्य है। इस बार मॉनसून की बारिश सामान्य से अधिक बारिश होने की उम्मीद है।
रांची और रामगढ़ में भारी बारिश के आसार
पूर्वानुमान के अनुसार, 18 से 20 जून के बीच रांची, दुमका, जामताड़ा, धनबाद, रामगढ़, सरायकेला, प. सिंहभूम, हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, रामगढ़ में अत्यंत भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इस क्रम में तेज हवाओं के साथ कहीं कहीं वज्रपात भी हो सकता है।
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश हुई है। धनबाद के पंचेत में 73.2 मिमी सर्वाधिक बारिश हुई। इसके अलावा खूंटी, हजारीबाग, सिमडेगा, सरायकेला खरसांवा, गुमला में 20 मिमी और अन्य जिलों में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई। राजधानी के तापमान में पिछले 24 घंटे के दौरान करीब छह डिग्री की कमी आयी। राज्य के अधिकतम तापमान पिछले 24 घंटे के दौरान सात डिग्री तक गिर गए हैं। सबसे अधिक पारा बोकारो का 34.5 डिग्री रहा।
झारखंड से होकर गुजरेगा सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में मॉनसून का नार्दर्न लिमिट विदिशा, इंदौर, पंचमढ़ी, मांडला, अंबिकापुर, हजारीबाग, सुपौल से होकर गुजर रहा है। विभाग के मुताबिक बांगलादेश के दक्षिणी पश्चिमी हिस्से से लेकर पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र व आसपास के इलाकों में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। जबकि उपरी वातावरण में बना एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन से जुड़ने के कारण झारखंड में अगले चार दिन अच्छी बारिश होने की संभावना है।
राज्यभर में वज्रपात से मां-बेटी समेत 7 लोगों की मौत
राज्य में मंगलवार को वज्रपात से मां-बेटी समेत सात की मौत हो गई। इनमें गढ़वा के बिशनपुरा में ईंटभट्ठा मजदूर लातेहार की साहेर निवासी मंजु देवी और रमना के भागोडीह निवासी लखन भुइया, पलामू के चैनपुर स्थित चांदो निवासी सरस्वती देवी, उनकी बेटी रूपा और रेहला के रामलाल भुइयां शामिल हैं। इधर, चतरा के हंटरगंज निवासी देवलाल यादव और रांची के बुंडू में तीजमणि देवी की जान चली गई।
दिल्ली से कई विमान सेवाएं विलंब से आईं
रांची। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर मंगलवार को कई विमान देर से आए। दिल्ली से शाम 6.20 बजे आने वाला एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान 8.20 बजे रांची पहुंचा। दिल्ली से रात को इंडिगो का विमान करीब पौने दो घंटा देर से 9.35 बजे रांची एयरपोर्ट पहुंचा। कोलकाता और मुंबई से आने वाला इंडिगो का विमान करीब एक-एक घंटा देर से आया। एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान भी एक घंटा लेट से आया।
25 साल में 3 बार समय पर, 17 बार मॉनसून देर
राजधानी में मंगलवार को मानसून प्रवेश कर गया। 25 साल में मॉनसून 17 बार देर से आया। जबकि, तीन बार समय पर और पांच बार समय से पहले आया। मौसम विभाग ने रांची समेत आसपास के इलाकों में अगले दो दिनों तक बादल छाए रहने और कहीं-कहीं भारी बारिश होने का रेड अलर्ट भी जारी किया गया है। इस दौरान तेज हवा के साथ वज्रपात भी हो सकती है।