अग्निवीर जवान ट्रेन में हुआ नशाखुरानी का शिकार, सदर अस्पताल में मौत
रांची के दीपाटोली कैंट में तैनात आर्मी जवान कृष्णपाल सिंह ट्रेन में नशाखुरानी का शिकार हो गए। इलाज के दौरान कोडरमा सदर अस्पताल में उनकी मौत हो गई। वे भाई की शादी में शामिल होने घर गए थे और लौटते समय...

कोडरमा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। रांची के दीपाटोली कैंट में तैनात आर्मी के अग्निवीर जवान ट्रेन में नशाखुरानी का शिकार हो गया। इलाज के दौरा कोडरमा सदर अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना सोमवार की शाम की है। जवान की पहचान मध्य प्रदेश के मंदसौर निवासी कृष्णपाल सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह भाई की शादी में शामिल होने घर गया था। वहां से रांची लौट रहा था। सोमवार की शाम दोपहर वह बदहवाश हालत में कोडरमा स्टेशन पर उतरा। इसके बाद परिजनों को फोन कर बताया कि उसे किसी ने कुछ खिला दिया है, तबीयत ठीक नहीं लग रही है।
इसके बाद वह कोडरमा स्टेशन के बाहर गिर पड़ा। युवक को अचेतावस्था में देख स्थानीय लोग उसे लेकर एक निजी अस्पताल पहुंचे, वहां से गंभीर हालत में उसे सदर अस्पताल, कोडरमा रेफर किया गया। सदर अस्पताल में सोमवार की शाम इलाज के दौरान जवान की मौत हो गई। घरवालों ने इसकी सूचना उसके रांची स्थित कैंप में दी। सूचना के बाद कैंप के कई अधिकारी कोडरमा पहुंचे। इसके बाद पुलिस की देखरेख में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। सम्मान के साथ आर्मी जवान का पार्थिव शरीर कल मंगलवार को उसके पैतृक गांव मध्य प्रदेश के मंदसौर में भेजा जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।