मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप से लातेहार पहुंचा कुशल बृजिया का शव,
आंध्रप्रदेश में हुए एक ट्रेन हादसे में झारखंड के कुशल बृजिया की मौत हो गई। बुधवार को उनका शव गांव दौना पहुंचा, जहां पारंपरिक रीति-रिवाज से दफनाया गया। मुख्यमंत्री ने त्वरित सहायता प्रदान की, लेकिन...

महुआडांड़ प्रतिनिधि। आंध्रप्रदेश में हुए दुखद ट्रेन हादसे में जान गंवाने वाले झारखंड के कुशल बृजिया का शव बुधवार को उनके पैतृक गांव दौना पहुंचा। जहां बुधवार को अपने पारम्परिक रीतिरिवाज के तहत पार्थिव शरीर को दफनाया गया। मृतक मजदूर का शव मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के त्वरित संज्ञान और राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष की पहल के कारण हुई हैं। परंतु अब मृतक के परिजन अंतिम संस्कार एवं क्रियाकर्म के लिए आर्थिक मदद की गुहार लगा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, महुआडांड़ प्रखंड के सुदूरवर्ती ग्राम दौना निवासी कुशल बृजिया (30) रोजी-रोटी की तलाश में केरल जा रहा था। 29 मई को आंध्रप्रदेश के बाबरलाजुला जिले स्थित चुराला रेलवे स्टेशन के पास हादसे में ट्रेन से गिरकर उनकी मौत हो गई।
इस घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन और सीएम को ट्वीट कर दी गई थी। जिसके बाद सीएम ने पूरे मामले को संज्ञान में लिया था और डीसी उत्कर्ष गुप्ता और राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री प्रवासी श्रमिक दुर्घटना सहायता कोष से 50 हजार की तत्काल सहायता राशि स्वीकृत की गई, जिससे पार्थिव शरीर को लातेहार तक लाने के लिए एम्बुलेंस आदि की व्यवस्था संभव हो पाई। इधर शव पहुंचते ही गांव में शोक का माहौल व्याप्त हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।