आंधी-बारिश शुरू होते ही लोहरदगा में बिजली गुल
लोहरदगा में गुरुवार को जोरदार बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। आंधी से कई पेड़ गिरे और छप्पर वाले घरों को नुकसान पहुँचा। बारिश ने गेहूं की फसल को खतरे में डाल दिया, लेकिन सब्जियों के लिए फायदेमंद...

लोहरदगा, प्रतिनिधि।लोहरदगा में गुरुवार अपराह्न कहीं जोरदार तो कहीं अच्छी बारिश हुई। कैरों और लोहरदगा प्रखंड में एक बार फिर अच्छी बारिश हुई है। बादल की गरज और बिजली कड़कने के साथ-साथ तेज आंधी चलने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। आंधी की वजह से कई जगह पर पेड़ गिरे। डालियां टूटीं। छप्पर वाले घरों को नुकसान हुआ। गेहूं की तैयार फसल को इस बारिश से नुकसान होने की संभावना है। मगर सब्जियों की खेती के लिए फायदेमंद साबित होगी। बिजली के तार और उपकरणों के भी क्षतिग्रस्त होने की वजह से बिजली आपूर्ति दोपहर बाद से ही ठप हो गई। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में अंधेरा पसरा रहा। बिजली कर्मी पेट्रोलिंग कर जगह-जगह बिजली उपकरणों को चेक करते और तकनीकी खराबियों को दुरुस्त करते नजर आए। हालांकि आंधी बारिश शुरू होते ही लोहरदगा में बिजली गुल होने की पुरानी समस्या खत्म नहीं हुई है। इससे उपभोक्ताओं में काफी असंतोष है। बारिश की वजह से लोहरदगा में अपराहन से ही सड़क और बाजार में सन्नाटा पसर गया। जगह-जगह जल भराव होगया। सड़कों और गलियों में जल भराव होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करते देखा गया। बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आई है और मौसम में ठंडापन महसूस किया जा रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।