पुलिस पर हमला करने वालों की निकाली परेड, हमलावर बोले- अब नहीं करेंगे गुनाह
रांची में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों की पुलिस ने अच्छी क्लास लगाई है। पुलिस ने आरोपियों की परेड निकाली। हमलावरों ने कहा कि अब वो कभी ऐसा गुनाह नहीं करेंगे।

रांची के नगड़ी के कटहल मोड़ चौक पर छह दिन पहले ट्रैफिक पुलिस पर हुए हमले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर रविवार को पुलिस ने परेड कराई। 300 मीटर तक सड़क पर परेड करते इन आरोपियों को हर कोई एकटक देखता रहा। इस बीच आरोपियों ने शहरवासियों से गलती के लिए माफी मांगी। कहा कि भविष्य में किसी तरह का गुनाह नहीं करेंगे। यह बात दोहराते हुए पुलिस वैन में बैठ गए।
आरोपियों से कराई पुलिस ने परेड
गिरफ्तार आरोपियों में हंस कुमार यादव उर्फ पुट्टी और उसका भाई अखिलेश यादव उर्फ मुन्ना शामिल है। नगड़ी पुलिस के अनुसार कटहल मोड़ चौक पर दोपहर 12 बजे आरोपियों को लाया गया। इसके बाद 1:30 बजे तक दोनों आरोपियों की पैदल ही परेड कराई। बाद में उन्हें बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा भेज दिया।
सड़क के बीच से ऑटो को हटाने के निर्देश देने पर कटहल मोड़ चौक पर नौ जून को ऑटो चालकों ने वहां ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों पर हमला करने के साथ होमगार्ड के जवान रोहित गंझू पर पत्थर से हमला करके घायल कर दिया था। पुलिस ने शनिवार रात लालगुटवा रिंग रोड से दोनों को गिरफ्तार किया था। दोनों बाहर भागने की फिराक में थे, तभी दलादली ओपी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों पर हमले के मामले को रांची पुलिस ने काफी गंभीरता से लिया था और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नगड़ी थाना, दलादली थाना, पुंदाग ओपी के साथ टेक्निकल सेल की टीम लगातार नजर बनाए हुए थी।
पलामू के दोनों आरोपी
1. दोनों आरोपी पलामू के पांकी स्थित कुरलौंग के रहने वाले हैं।
2. एक अन्य आरोपी राजन यादव उर्फ विधायक को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
3. लातेहार जिले के ग्राम धांगरटोला थाना गारू का रहने वाला है राजन।
4. कटहल मोड़ के पास चापूटोली में किराए के घर में रह रहा था राजन