झारखंड के साहित्यकारों को किया गया सम्मानित
रांची में झारखंड साहित्य अकादमी स्थापना संघर्ष समिति द्वारा एक अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। वरिष्ठ साहित्यकारों को हिंदी और अन्य झारखंडी भाषाओं में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम...

रांची, वरीय संवाददाता। झारखंड साहित्य अकादमी स्थापना संघर्ष समिति की ओर से रविवार को रांची प्रेस क्लब में अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार शंभू बादल ने की। समारोह में साहित्यकारों को हिन्दी समेत अन्य झारखंडी भाषाओं में योगदान देने के लिए सम्मानित किया गया। साहित्यकारों को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। समिति के महासचिव नीरज नीर ने दुःख जताया कि झारखंड राज्य की स्थापना के 25 वर्षों के उपरांत भी झारखंड में साहित्य अकादमी की स्थापना नहीं हो सकी है। अध्यक्ष शिरोमणि महतो ने साहित्यकारों का स्वागत करते हुए समिति द्वारा किए गए प्रयासों के बारे में बताया। प्रसिद्ध कथाकार पंकज मित्र, राकेश कुमार सिंह एवं वरिष्ठ कवि शंभु बादल ने अपने विचार प्रस्तुत किए। डॉ अशोक प्रियदर्शी ने साहित्य अकादमी के गठन को लेकर उम्मीद जताई। कथाकार शेखर मलिक ने कहा कि लेखक हमेशा प्रतिपक्ष होता है, इसलिए लेखन का रास्ता फूलों भरा रास्ता नहीं है।
कार्यक्रम में अमरेश कुमार सिंह की किताब ‘द सॉन्ग ऑफ लाइफ, गुलांचो कुमारी के कविता संग्रह ‘बाहर से ही लौट आए और डॉ शारदा प्रसाद की पुस्तक साहित्य के सामाजिक परिदृश्य का लोकार्पण भी किया गया।
कार्यक्रम में अनिल किशोर सहाय, चंद्रिका ठाकुर देशदीप, बासु बिहारी, दिनेश्वर महतो, संतोष कुमार महतो, नुनु चंद महतो, निशि प्रभा, सुमित कुमार पंडित, पुष्पा कुमारी, सुशील स्वतंत्र, सुनीता सिंह व अन्य उपस्थित थे।
इन्हें किया गया सम्मानित
अशोक प्रियदर्शी (रांची)- बिरसा मुंडा शिखर सम्मान, शेखर मलिक (घाटशिला)- विनोद बिहारी महतो स्मृति सम्मान, रश्मि शर्मा (रांची)- राधाकृष्ण स्मृति सम्मान, रजनी गुप्ता (रामगढ़)- डॉ रामदयाल मुंडा स्मृति सम्मान, सत्या शर्मा कीर्ति (रांची)- भारत यायावर स्मृति युवा सम्मान, प्रणव प्रियदर्शी (रांची)- कॉमरेड महेंद्र प्रसाद सिंह स्मृति सम्मान, डॉ सुभाष कुमार यादव (धनबाद)- रघुनाथ महतो स्मृति सम्मान, सुजाता कुमारी (बोकारो)- सुशीला सामद स्मृति सम्मान, गुलांचो कुमारी (हजारीबाग)- सृष्टिधर महतो स्मृति सम्मान, नेतलाल यादव (गिरिडीह)- शिवनाथ प्रमाणिक स्मृति युवा सम्मान, डॉ हाराधन कोईरी (रांची)- जगन्नाथ महतो स्मृति युवा सम्मान, रवि शंकर शाह (देवघर)- डॉ डोमन साहू समीर स्मृति युवा सम्मान, संघमित्र राएगुरु (रांची)-भाषा मित्र सम्मान, संतोष कुमार शर्मा (रांची)- नवल सृजन सम्मान व चेतना झा (रांची)- भाषा मित्र सम्मान।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।