पिता लगाते हैं नाश्ते का ठेला, बेटी अनन्या बनी रांची टॉपर
रांची की अनन्या ने जैक बोर्ड आर्ट्स में 92.6 प्रतिशत अंक लाकर टॉप किया। उसके माता-पिता की मेहनत ने उसे प्रेरित किया। अनन्या ने आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद कड़ी मेहनत की और कला संकाय में राज्य में 5वां...

रांची, संवाददाता। उर्सुलाइन इंटर कॉलेज की अनन्या ने जैक बोर्ड आर्ट्स में 92.6 प्रतिशत अंक लाकर रांची टॉपर बनी। माता-पिता के संघर्षों से प्रेरणा लेकर अनन्या ने मेहनत की और आज यह ताज उनके सिर सजा। पिता नवीन पाल घर के बाहर नाश्ते का ठेला लगाते हैं। गुरुवार को दिन में नवीन पाल और उनकी मां सुनीता के लिए बेहद ही खास रहा। अचानक उनके ठेला पर मीडियाकर्मियों की भीड़ लगने लगी। सभी लोग उन्हें बधाई देने लगे। थोड़ी देर बाद उन्हें पता चला कि उनकी बेटी ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में कला संकाय विषय में पूरे स्टेट में 5वां स्थान हासिल की है।
इसके बाद आसपास वाले दुकानदार बधाई देने के लिए पहुंचे। मां-पिता ने बताया कि अनन्या शुरू से ही पढ़ाई में मेहनती थी। उसे कभी भी पढ़ने के लिए बोलना नहीं पड़ता था। अक्सर वो घर के कामों में भी मदद करती थी। अन्नया ने बताया कि घर की आर्थिक स्थिति तो उतनी ठीक नहीं थी। लेकिन, घरवालों ने किसी भी प्रकार की कभी कोई तकलीफ नहीं होने दी। घर की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मैं अक्सर कॉलेज से पैदल आती-जाती थी। उन्होंने बताया कि कला संकाय विषय में काफी अधिक लिखना पड़ता है। इसलिए, रोजाना तीन से चार पेज लिखकर अभ्यास करती थी। सोशल मीडिया का उपयोग भी अक्सर करेंट अफेयर्स के लिए करती थी। रोजाना तीन से चार घंटे पूरी एकाग्रता से पढ़ाई करती थी। उन्होंने बताया कि अक्सर कॉलेज में भी शिक्षक परीक्षा की कॉपी को साफ-सफाई के साथ लिखने को कहते थे, उसका भी पूरा ध्यान रखा। परीक्षा में उत्तर लिखने के दौरान जरूरी चीजों को भी हाइलाइट करती थी। अपनी सफलाता का पूरा श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को देना चाहूंगी। अन्नया आगे भविष्य में अपने माता-पिता के ही बिजनेस को आगे बढ़ाना चाहती हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।