राजा रघुवंशी और सोनम की शादी से पहले मुलाकात कैसे हुई? चचेरे भाई ने बताई पूरी बात
राजा रघुवंशी और सोनम की शादी से पहले मुलाकात कैसे हुई? क्या वो दोनों पहले से एक दूसरे को जानते थे या फिर उनके बीच कोई रिश्तेदार का कनेक्शन था। राजा की हत्या के बाद से यह सवाल सबके मन मे उठ रहे हैं। इस सवाल पर राजा के चचेरे भाई अर्पित ने दिया है।

राजा रघुवंशी और सोनम की शादी से पहले मुलाकात कैसे हुई? क्या वो दोनों पहले से एक दूसरे को जानते थे या फिर उनके बीच कोई रिश्तेदार का कनेक्शन था। राजा की हत्या के बाद से यह सवाल सबके मन मे उठ रहे हैं। इस सवाल पर राजा के चचेरे भाई अर्पित ने बताया कि राजा रघुवंशी और सोनम के परिवार एक-दूसरे को पहले से नहीं जानते थे और अपने बच्चों के लिए रिश्ते की तलाश करते हुए मैट्रिमोनियल ऐप के जरिए मिले थे।
एनडीटीवी से बातचीत में अर्पित ने बताया कि राजा और सोनम दोनों के ही परिवार मध्य प्रदेश के इंदौर से ताल्लुक रखते हैं। 10 फरवरी को सोनम के घर पर शादी तय करने से पहले दोनों परिवार कई बार एक-दूसरे से मिले थे। इसके बाद 11 मई को धूमधाम से सोनम और राजा की शादी की गई थी।
अर्पित ने कहा कि राजा और सोनम की शादी से पहले दोनों परिवार एक-दूसरे को नहीं जानते थे। एक ऐप है, जिस पर रघुवंशी परिवार शादी के लिए रिश्ते तलाश करते हैं। इसी ऐप के जरिए हमें राजा के लिए एक जोड़ी मिली। उन्होंने कहा, “दोनों परिवारों धीरे-धीरे बातचीत शुरू हुई और फिर एक-दूसरे से मिलने लगे। आखिरकार शादी करने का फैसला किया। उन्होंने 10 फरवरी को सोनम के घर पर शादी तय की थी।”
अर्पित ने कहा कि राजा हमें बताता था कि वह कभी भी फोन पर सोनम से ठीक से बात नहीं कर पाता था। वह हमेशा कहती थी कि वह अपने काम में बिजी है। वह और उसका भाई फैमिली बिजनेस संभालते थे। मेरी चचेरी बहन भी शादी की तैयारियों पर चर्चा करना चाहती थी, लेकिन सोनम उपलब्ध नहीं थी। अर्पित ने कहा कि मेरे भाई ने एक बार उससे कहा था कि वह भी अपने बिजनेस में बिजी है और उन दोनों को शादी की तैयारियों के लिए समय निकालना होगा।
अर्पित ने कहा कि सोनम ने कभी यह आभास नहीं दिया कि वह इस शादी से खुश नहीं है। उन्होंने कहा कि हमने पहले सोचा कि वे लापता हो गए होंगे, क्योंकि उनके हनीमून के दौरान उनके ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। लेकिन जैसे-जैसे जानकारी मिलनी शुरू हुई, हम चौंक गए। सबसे पहले, हमें अपने चचेरे भाई का शव मिला, फिर हमें पता चला कि सोनम ही मास्टरमाइंड थी। उन्होंने कहा कि राजा का परिवार बहुत चिंतित था और सोनम के ‘लापता’ होने के बाद भी उसकी सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता रहा, जबकि उसकी लाश शिलांग के पास एक गहरी खाई से बरामद की गई थी। “हम सभी ने सोनम की सुरक्षित और जल्द घर वापसी के लिए प्रार्थना की थी, लेकिन जब इस हत्याकांड का खुलासा हुआ तो हम खुद को यह सोचने से रोक नहीं पाए कि हमने किसके लिए प्रार्थना की?”
बता दें कि, राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में उसकी पत्नी सोनम और प्रेमी राज कुशवाह का नाम सामने आने के बाद दोनों परिवारों में दुख और गहरे सदमे में हैं। शुरुआत में यह मामला मेघालय में हनीमून मनाने गए एक लापता कपल के तौर पर सामने आया था। हालांकि, धीरे-धीरे इस मामले ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का रूप ले लिया। इसके पीछे उसकी पत्नी का चौंकाने वाला विश्वासघात सामने आया। सोनम शादी से पहले से ही राज कुशवाह से प्यार करती थी। सोनम और राज ने मिलकर हनीमून के बहाने राजा की हत्या की साजिश रची थी। राजा से छुटकारा पाने के लिए सोनम ने तीन हत्यारों को काम पर रखा था।
सोनम और राजा की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी और वे 20 मई को असम के गुवाहाटी होते हुए मेघालय पहुंचे थे। इसके बाद 23 मई को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा में नोंग्रियात गांव में एक होमस्टे से बाहर जाने के कुछ ही घंटों बाद दोनों संदिग्ध अवस्था में लापता हो गए थे। इसके बाद काफी खोजबीन के बाद 2 जून को राजा का शव मेघालय में वेइसाडोंग वाटरफॉल के पास एक खाई में मिला था। वहीं, सोनम की तलाश जारी रही, जो 9 जून की सुबह लगभग 1,200 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में मिली थी।