घर में घुसे लुटेरों से भिड़ गई महिला, घायल होने के बावजूद एक को पकड़ा और...
- पुलिस अधिकारी ने बताया कि अचानक दंपती को देखकर चोर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन महिला ने उनमें से एक आरोपी को पकड़ लिया। बचने की कोशिश में आरोपी ने महिला के हाथ पर लोहे के एक औजार से हमला कर दिया।

महाराष्ट्र के पालघर शहर में एक महिला ने अपने घर में घुसे 2 लुटेरों से बहादुरी से मुकाबला कर लूट की कोशिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि लुटेरों के हमले में महिला घायल हो गई। यह घटना सोमवार शाम की है। पुलिस ने बताया कि महिला और उसके पडो़सियों ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। महिला और उसका पति रोजाना की तरह शाम को घर के पास समुद्र के किनारे टहलने गए थे। पालघर पुलिस थाना के निरीक्षक अनंत पराड ने बताया कि जब महिला और उसका पति लौटे तो देखा कि उनके घर में दो चोर घुसे हुए थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अचानक दंपती को देखकर चोर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन महिला ने उनमें से एक आरोपी को पकड़ लिया। बचने की कोशिश में आरोपी ने महिला के हाथ पर लोहे के एक औजार से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि चोट लगने के बाद भी महिला ने शोर मचाकर पडो़सियों को बुलाया। पड़ोसियों की मदद से उसने आरोपी को पुलिस के आने तक पकड़कर रखा। इस बीच, महिला के पति ने दूसरे आरोपी को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह भागने में सफल रहा।
हमले में घायल हो गई महिला
पुलिस अधिकारी ने कहा कि स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर महिला की ओर से पकड़े गए 40 वर्षीय आरोपी को हिरासत में ले लिया। उन्होंने बताया कि घायल महिला का इलाज कराया गया और अब वह स्वस्थ हो रही है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत घर में घुसपैठ, चोरी और डकैती के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारी ने बताया कि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।