दिल्ली चुनाव से पहले डेरा सच्चा सौदा प्रमुख को मिली 30 दिनों की पैरोल, सिरसा आश्रम जाने की भी इजाजत
- डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को 30 दिनों की पैरोल मिली है। बलात्कार के आरोप में सजा काट रहे राम रहीम 5 फरवरी को होने वाले दिल्ली चुनाव से पहले मंगलवार को हरियाणा की जेल से बाहर आयेंगे।

डेरा सच्चा सौदा सिरसा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह दिल्ली चुनाव से पहले जेल से बाहर आ गए हैं। गुरमीत राम रहीम को 30 दिनों की पैरोल मिली है जिसके बाद वह मंगलवार को हरियाणा के रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर आ गए। 2017 में बलात्कार के मामलों में पहली बार दोषी ठहराए जाने और जेल जाने के बाद यह पहली बार है जब डेरा प्रमुख को सिरसा स्थित डेरा मुख्यालय जाने की इजाजत दी गई है। इससे पहले उन्हें पैरोल या फरलो के दौरान सिरसा स्थित आश्रम में रहने की इजाजत नहीं थी।
जेल अधिकारियों के मुताबिक गुरमीत राम रहीम सिंह को मंगलवार सुबह जेल से रिहा कर दिया गया। इस मामले पर एक वरिष्ठ जेल अधिकारी ने बताया, "अपने पहले दस दिनों के दौरान गुरमीत सिंह अपने सिरसा स्थित आश्रम में रहेंगे और बाकी 20 दिन बागपत में रहेंगे। उन्हें मंगलवार सुबह करीब 5.30 बजे सुनारिया जेल से रिहा किया गया और करीब 7.30 बजे वे अपने सिरसा स्थित आश्रम पहुंचे। उनके साथ हनीप्रीत भी थी।"
बलात्कार के आरोप में काट रहे हैं सजा
गौरतलब है कि डेरा प्रमुख फिलहाल अगस्त 2017 से रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे हैं। 25 अगस्त 2017 को पंचकूला की एक विशेष सीबीआई अदालत ने उन्हें साध्वियों के बलात्कार के लिए दोषी ठहराया था और 20 साल कारावास की सजा सुनाई थी। उन्हें बलात्कार के मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद हरियाणा और पंजाब में हुई हिंसा में अगस्त 2017 में लगभग 40 लोगों की जान चली गई थी।
चुनाव से पहले पहले भी मिली है पैरोल
गुरमीत राम रहीम सिंह को दिल्ली विधानसभा चुनाव से आठ दिन पहले रिहा किया गया है। इससे पहले उन्हें पिछले साल अक्टूबर में हरियाणा विधानसभा चुनाव से तीन दिन पहले 20 दिन की पैरोल दी गई थी। जनवरी में लोकसभा चुनाव से पहले उन्हें 50 दिनों के लिए रिहा किया गया था। वहीं पिछले साल 13 अगस्त को भी उन्हें 21 दिनों के लिए जेल से रिहा किया गया था। हरियाणा पंचायत चुनाव से पहले जुलाई 2023 में भी उन्हें 30 दिन की पैरोल मिली थी। 2020 के बाद से वह 12वीं बार जेल से अस्थायी तौर पर रिहा हो रहे हैं।