कर्नाटक में एक और तलवार कांड, एक साथ आए 10 लोग और शख्स को काट डाला; क्या वजह
कर्नाटक के कोप्पल जिले से एक भयावह घटना सामने आई है। यहां एक समूह ने एक शख्स की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने बताया है कि मामला पुरानी रंजिश का है। पुलिस छानबीन में जुट गई है।

कर्नाटक में बीते कुछ दिनों में तलवार का इस्तेमाल कर सरेआम हत्या की कई घटनाएं सामने आई हैं। इस बीच रविवार को कोप्पल जिले में एक बेकरी की दुकान में लोगों के एक झुंड ने एक शख्स की बेरहमी से जान ले ली। जानकारी के मुताबिक करीब दस लोगों ने एक साथ शख्स पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि घटना कोप्पल के कुष्टगी के पास हुई।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय चन्नप्पा हुसैनप्पा नरिनल के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक घटना 31 मई को हुई थी। एनडीटीवी ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया है कि यह घटना पास ही एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में देखा जा सकता है कि पीड़ित चेनप्पा हमले के दौरान खुद को बचाने के लिए भाग रहा है, लेकिन लोग उस पर लगातार हमले करते रहे। इस दौरान लोगों ने उस पर कई बार तलवार से वार किया जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी तुरंत फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने कम से कम सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया है कि प्रारंभिक जांच से पुरानी रंजिश और प्रॉपर्टी को लेकर विवाद की वजह सामने आई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
कर्नाटक में बीते कुछ दिनों से कानून व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इससे पहले बीते माह कर्नाटक के मंगलुरु में अज्ञात लोगों ने दो मुस्लिम युवकों पर तलवार से हमला कर दिया था। इस हमले में एक शख्स की मौत हो गई थी। जानकारी के मुताबिक मृतक इम्तियाज मंगलुरु में एक स्थानीय मस्जिद का सचिव था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।