संसद में पहली झलक से ही प्रियंका ने कैसे दिलाई दादी इंदिरा गांधी की याद, दो तस्वीरें देख लोग दंग
प्रियंका के पारंपरिक परिधान के पीछे बहुत गहरा अर्थ छिपा है क्योंकि कासुवा साड़ी सिर्फ एक पहनावा नहीं बल्कि केरल की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। शपथ के दौरान इसे पहनने का फैसला वायनाड के लोगों के प्रति सम्मान के तौर पर भी देखा जा रहा है।

Priyanka Gandhi Vadra: केरल की वायनाड संसदीय सीट से पहली बार चुनकर आईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज (गुरुवार, 28 नवंबर) लोकसभा सदस्य के रूप में शपथ ले ली। इस दौरान प्रियंका गांधी ने केरल की पारंपरिक 'कासुवा साड़ी' पहन रखी थी। यह साड़ी उनकी दादी और देश की तीन बार प्रधानमंत्री रहीं स्वर्गीय इंदिरा गांधी की याद दिलाती है। प्रियंका की पहले से ही दादी इंदिरा से तुलना होती रही है। इसमें उनकी शक्ल-सूरत से लेकर हाव-भाव और भाव-भंगिमा तक शामिल है। इंदिरा गांधी अपने शक्तिशाली व्यक्तित्व के लिए जानी जाती थीं। वह अकसर अपने पहनावे का इस्तेमाल आम लोगों से जुड़ने के लिए किया करती थीं।
उन्हीं की तरह प्रियंका गांधी ने भी अपने संसदीय जीवन के पहले दिन उसी भावना को प्रदर्शित किया है। आज जब उन्होंने लोकसभा में प्रवेश किया तो वह पल सिर्फ़ एक राजनीतिक पल नहीं बल्कि प्रतीकात्मकता से भरा दृश्य था। केरल की कासुवा साड़ी पहने प्रियंका की पोशाक ने तुरंत कई लोगों को युवा इंदिरा गांधी की याद दिला दी, जिन्हें संसद में अपने कार्यकाल के दौरान अकसर इसी तरह की पारंपरिक साड़ियों में देखा जाता था।
दरअसल, शपथ के दौरान प्रियंका के पारंपरिक परिधान के पीछे बहुत गहरा अर्थ छिपा है क्योंकि कासुवा साड़ी सिर्फ एक पहनावा नहीं है बल्कि यह केरल की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रियंका द्वारा इसे पहनने का फैसला वायनाड के लोगों के प्रति सम्मान के तौर पर भी देखा जा रहा है, जिन्होंने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है। उन्होंने शपथ के दौरान संविधान की एक प्रति अपने हाथों में ले रखी थी।
जब मीडियाकर्मियों ने उनसे पूछा कि क्या शपथ ग्रहण समारोह के दौरान अपनी दादी की याद आई, तो प्रियंका ने जवाब दिया, "हां, मुझे उनकी याद आई, और मुझे अपने पिता की भी याद आई।" शपथ समारोह के दौरान उनकी मां सोनिया गांधी, भाई राहुल गांधी, पति रॉबर्ट वाड्रा, बेटे रेहान वाड्रा और बेटी मिराया वाड्रा भी संसद में थे। प्रियंका गांधी वाड्रा ने 4,10,931 मतों के अंतर से वायनाड लोकसभा सीट पर जीत हासिल की है। उन्होंने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के सत्यन मोकेरी को हराया है। इससे पहले उनके भाई राहुल गांधी यहां से सांसद थे।
प्रियंका ने जो कसुवा सफेद साड़ी पहन रखी थी, उस पर चौड़ा गोल्डेन बॉर्डर है। सोशल मीडिया पर उनके परिधान और उनकी खूबसूरती की खूब तारीफ हो रही है। कुछ लोग प्रियंका को पद्मिनी बता रहे हैं तो कुछ मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में शामिल होने की सलाह दे रहे हैं। कुछ उनकी तुलना दादी इंदिरा गांधी से कर रहे हैं और कह रहे हैं कि सिर्फ बाल में अंतर है। हालांकि, कुछ यूजर्स मीम्स बनाकर उनकी दादी की तरह ऊंची नाक का मजाक भी उड़ा रहे हैं।