Rahul Gandhi congress reaction on Haryana Jammu Kashmir election result 2024 हरियाणा में अप्रत्याशित परिणाम, चुनाव आयोग जाएंगे… नतीजों पर पहली बार बोले राहुल गांधी, India News in Hindi - Hindustan
Hindi NewsIndia NewsRahul Gandhi congress reaction on Haryana Jammu Kashmir election result 2024

हरियाणा में अप्रत्याशित परिणाम, चुनाव आयोग जाएंगे… नतीजों पर पहली बार बोले राहुल गांधी

  • जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राहुल गांधी ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरियाणा में मिली हार को अप्रत्याशित बताया है।

Jagriti Kumari लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीWed, 9 Oct 2024 12:31 PM
share Share
Follow Us on
हरियाणा में अप्रत्याशित परिणाम, चुनाव आयोग जाएंगे… नतीजों पर पहली बार बोले राहुल गांधी

हरियाणा और जम्मू कश्मीर में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आ गए हैं। बीजेपी ने हरियाणा में हैट्रिक लगाते हुए बहुमत का आंकड़ा पार किया है वहीं दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस और उमर अब्दुल्ला की नेशनल कांफ्रेंस को जीत मिली है। जहां एक ओर राजनीतिक विश्लेषक इन परिणामों पर समीक्षा करने में जुटे हैं वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी को हरियाणा में मिली हार से झटका लगा है। अब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इन चुनावी नतीजों पर पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने हरियाणा में मिली हार को अप्रत्याशित बताया है। वहीं राहुल गांधी ने जम्मू कश्मीर के लोगों को जीत के लिए आभार भी व्यक्त किया है।

राहुल गांधी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने जज्बात साझा किए। उन्होंने लिखा, “जम्मू-कश्मीर के लोगों का तहे दिल से शुक्रिया। प्रदेश में INDIA की जीत संविधान की जीत है। लोकतांत्रिक स्वाभिमान की जीत है।” वहीं हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों पर बात करते हुए राहुल गांधी ने लिखा, “हम हरियाणा के अप्रत्याशित नतीजे का विश्लेषण कर रहे हैं। अनेक विधानसभा क्षेत्रों से आ रही शिकायतों से चुनाव आयोग को अवगत कराएंगे।

राहुल गांधी ने हरियाणा वासियों के समर्थन के लिए आभार भी जताया। उन्होंने आगे लिखा, “सभी हरियाणा वासियों को उनके समर्थन और हमारे बब्बर शेर कार्यकर्ताओं को उनके अथक परिश्रम के लिए दिल से धन्यवाद। हक़ का, सामाजिक और आर्थिक न्याय का, सच्चाई का यह संघर्ष जारी रखेंगे। आपकी आवाज़ बुलंद करते रहेंगे।”

गौरतलब है कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद हुए चुनावों में नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस के गठबंधन ने बहुमत हासिल किया है। इंडिया गठबंधन को 48 सीटें मिली हैं जो बहुमत के आंकड़े से दो ज्यादा हैं। बीजेपी 29 सीटें जीतने में कामयाब रही। वहीं हरियाणा की बात की जाए तो 90 सीटों वाली विधानसभा में बीजेपी ने 48 सीटें अपने नाम कर ली है। जीत की दावेदार मानी जा रही कांग्रेस सिर्फ 37 सीटों पर सिमट गई।