seville club Chandigarh rapper badshah explosion deora रैपर बादशाह के क्लब के बाहर फेंके गए बम, चंडीगढ़ में दो जगहों पर हुआ धमाका, India Hindi News - Hindustan
Hindi Newsदेश न्यूज़seville club Chandigarh rapper badshah explosion deora

रैपर बादशाह के क्लब के बाहर फेंके गए बम, चंडीगढ़ में दो जगहों पर हुआ धमाका

  • राजधानी चंडीगढ़ में यह वारदात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से ठीक पहले होने से सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी के 3 दिसंबर को चंडीगढ़ आ रहे हैं।

Nisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तानTue, 26 Nov 2024 01:46 PM
share Share
Follow Us on
रैपर बादशाह के क्लब के बाहर फेंके गए बम, चंडीगढ़ में दो जगहों पर हुआ धमाका

चंडीगढ़ में मंगलवार सुबह दो नाइट क्लबों के बाहर धमाके होने से सनसनी फैल गई। चंडीगढ़ के सेक्टर 26 में सेविले बार एंड लाउंज और डिओरा क्लब के बाहर बाइक सवार दो नकाबपोशों ने बम फैंके और मौके से फरार हो गए। सेविले बार एंड लाउंज क्लब में मशहूर रैपर बादशाह की हिस्सेदारी है। धमाके के चलते क्लब के बाहर लगे शीशे टूट गए। पुलिस जांच में पता चला है कि क्लबों के बाहर देसी बम फेंके गए थे जो कम तीव्रता के थे, वारदात में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सैंपल लिए हैं।

वहीं राजधानी चंडीगढ़ में यह वारदात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से ठीक पहले होने से सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी के 3 दिसंबर को चंडीगढ़ आ रहे हैं। चंडीगढ़ के जिस इलाके में धमाके हुए, वह पॉश एरिया है।

वारदात के वक्त बंद थे क्लब

डीएसपी दिलबाग सिंह ने बताया कि सुबह 3.25 बजे हमें कंट्रोल रूम पर सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर गई तो वहां क्लब के शीशे टूटे हुए थे। बयान दर्ज करने के बाद पुलिस मामला दर्ज कर लिया है। नकाबपोश आरोपी सेक्टर-26 थाने के आगे से आए थे। आरोपियों ने स्लिप रोड पर बाइक खड़ी की। पहले उन्होंने सेविले बार एंड लाउंज के बाहर देसी बम फेंका। इसके बाद वे डिओरा क्लब के बाहर बम फेंकने पहुंचे। इन दोनों क्लबों के बीच करीब 30 मीटर की दूरी है।

चंडीगढ़ में क्लबों के बाहर जिस समय धमाके हुए, उस समय क्लब बंद थे। इस कारण जानी नुकसान नहीं हुआ। मौके पर केवल सिक्युरिटी गार्ड थे, जिन्होंने पुलिस को सूचना दी थी। गार्ड पूर्ण सिंह ने बताया है कि आरोपी बाइक पर आए थे। एक युवक बाइक स्टार्ट कर खड़ा था, दूसरे युवक ने विस्फोटक फेंका। दोनों के मुंह कपड़े से ढके थे।

पुलिस को फिरौती का शक

पुलिस इस वारदात के पीछे फिरौती के अंगल से भी जांच कर रही है। चंडीगढ़ के कई क्लब संचालकों से गैंगस्टर वसूली कर चुके हैं और कई को धमकी भी मिल चुकी है। ऐसे मे घटना के पीछे वसूली का मकसद हो सकता है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

2 महीने पहले रिटायर्ड प्रिंसिपल की कोठी पर हुआ था ग्रेनेड अटैक

2 महीने पहले चंडीगढ़ के सेक्टर-10 के पॉश एरिया में रिटायर्ड प्रिंसिपल की कोठी पर ग्रेनेड अटैक हुआ था। इससे घर में 7 से 8 इंच का गड्‌ढा पड़ गया था। खिड़कियों के शीशे टूट गए थे। तीन हमलावर ऑटो से आए थे और वारदात के बाद उसी ऑटो से भाग गए थे। हमलावर यहां किराये पर रहने वाले पंजाब पुलिस के रिटायर्ड एसपी को मारने के इरादे से आए थे।

रिपोर्ट: मोनी देवी