बेटे से थी रंजिश,पिता को गोलियों से भून डाला,दिल्ली में खौफनाक खूनी खेल
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अशोक के बेटे संदीप का झगड़ा इलाके के गोलू से चल रहा था। अशोक और रचना अपनी बेटी नेहा के साथ बुधवार शाम को घर पर थे। रचना दरवाजे पर दीया जला कर घर के अंदर जा रही थी। तभी गोलू अपने दोस्त के साथ घर में घुस गया।

कादी विहार इलाके में बदमाशों ने बुधवार शाम को घर में घुसकर दंपति पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में पति की मौके पर मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। स्वरूप नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावर की तलाश छापेमारी शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार 48 वर्षीय अशोक अपनी पत्नी रचना और दो बच्चों के साथ कादी विहार इलाके में रहते थे। अशोक पेशे से ड्राइवर थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अशोक के बेटे संदीप का झगड़ा इलाके के गोलू से चल रहा था। अशोक और रचना अपनी बेटी नेहा के साथ बुधवार शाम को घर पर थे। रचना दरवाजे पर दीया जला कर घर के अंदर जा रही थी। तभी गोलू अपने दोस्त के साथ घर में घुस गया। उसने अशोक और रचना पर अंधाधुंध फायरिंग करनी शुरू कर दी। नेहा के सिर के उपर से गोली गुजर गई। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। इस अचानक हुई फायरिंग से इलाके में भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को बुराड़ी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया,जहां अशोक को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, रचना की हालत गंभीर होने की वजह से एलएनजेपी रेफर कर दिया गया है।
जांच से जुड़े वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोलू अपने साथी के साथ सोनीपत की तरफ भागा है। उसका मोबाइल कोंडली के पास बंद हुआ है। फिलहाल पुलिस की एक टीम हमलावर की तलाश में भेजी गई है। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया चल रही है। फिलहाल मौके पर डीसीपी निधिन वाल्सन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि क्राइम और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। स्थानीय पुलिस टीम इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज आदि को देखकर जब्त करने में जुटी है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि संदीप पहले गोलू के साथ रहता था। लेकिन बाद में दोनों के बीच विवाद हो गया और संदीप से रिश्ता तोड़ लिया। बताया जाता है कि दोनों के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर भी विवाद हुआ था। जब बुधवार शाम को गोलू अपने साथियों के साथ घर में घुसा तो उसने पहले संदीप को पूछा। जब संदीप नहीं मिला तो अंधाधुंध फायरिंग करनी शुरू कर दी। स्वरूप नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावर की तलाश छापेमारी शुरू कर दी है।