दिल्ली में एक हफ्ते लू से राहत, 40 डिग्री से नीचे रहेगा तापमान; IMD ने बताया कब हो सकती है बारिश
Delhi Weather: राजधानी दिल्ली के लोगों के लिए अगले कुछ दिन राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह के लिए लू नहीं चलने की संभावना जताई है। मंगलवार को भी राजधानी का मौसम खुशनुमा रहा।

Delhi Weather: राजधानी दिल्ली के लोगों के लिए अगले कुछ दिन राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह के लिए लू नहीं चलने की संभावना जताई है। मंगलवार को भी राजधानी का मौसम खुशनुमा रहा। आंशिक रूप से बादल और हवाओं में नमी के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, दो से आठ मई के बीच तेज हवाओं के साथ प्री-मानसून बारिश हो सकती है।
वहीं, मंगलवार को राजधानी के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। यह 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस अधिक था। आर्द्रता का स्तर अधिकतम 63 फीसदी और न्यूनतम 34 फीसदी रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और सतह पर 20 से 30 किलोमीटर प्रति तक की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
फिलहाल 40 डिग्री से नीचे रहेगा पारा
मौसम विभाग ने कहा कि पांच मई तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से कम ही दर्ज होने की संभावना है। इन दिनों में लू नहीं चलने की संभावना है। उधर, राजधानी में प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। सीपीसीबी के अनुसार, मंगलवार शाम चार बजे एक्यूआई 209 अंकों के साथ खराब श्रेणी में दर्ज किया गया।
तीन साल में सबसे गर्म रहा अप्रैल
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों से पता चलता है कि इस महीने दिल्ली में तापमान सामान्य से ऊपर रहा है, जिससे यह तीन साल में सबसे गर्म अप्रैल बन गया है। तापमान में वृद्धि का कारण कम सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, साफ आसमान और शुष्क पश्चिमी हवाएं हैं। इसी तरह, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, बारिश की कमी ने भी इस अप्रैल को तीन साल में सबसे प्रदूषित बना दिया है। इस महीने औसत मासिक अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा, जो लॉन्ग पीरियड एवरेज से 2.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।