दिल्ली-NCR में फिर तेवर दिखाएगी गर्मी, 5 डिग्री तक बढ़ेगा पारा; 12 जून तक IMD का क्या अपडेट
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी फिर से तेवर दिखाने जा रही है। पिछले कुछ दिनों से बारिश और तूफान से गर्मी से लोगों को राहत मिली थी। आईएमडी ने आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने का अनुमान जताया है। इस दौरान लू चलने की कोई संभावना नहीं है।

दिल्ली-एनसीआर में गर्मी फिर से तेवर दिखाने जा रही है। पिछले कुछ दिनों से बारिश और तूफान से गर्मी से लोगों को राहत मिली थी। आईएमडी ने आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने का अनुमान जताया है। हालांकि, गर्मी बढ़ने के बावजूद इस दौरान लू चलने की कोई संभावना नहीं है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे (3 से 6 डिग्री तक) और अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में सुबह धूप खिली रही और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 2 डिग्री कम है। आईएमडी के अनुसार, शुक्रवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अगले 6 दिन के पूर्वानुमान के अनुसार अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। शनिवार को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री के बीच और न्यूनतम 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। रविवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 42 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है। रविवार को आसमान रहेगा, लेकिन 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की उम्मीद है।
सोमवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 43 डिग्री पर पहुंचने की उम्मीद है, वहीं न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं देखा जाएगा। आसमान साफ रहेगा और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की उम्मीद है। मंगलवार और बुधवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दोनों दिन आसमान रहेगा और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है। मंगलवार को 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। वहीं, गुरुवार को आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। अधिकतम तापमान एक डिग्री नीचे गिरकर 43 डिग्री पर पहुंचने की उम्मीद है, लेकिन न्यूनतम तापमान थोड़ा बढ़कर 27 से 29 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है।
'मध्यम' श्रेणी में रहा AQI
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह 9 बजे शहर की वायु गुणवत्ता 138 के वायु गुणवत्ता सूचकांक के साथ 'मध्यम' श्रेणी में दर्ज की गई। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 के बीच को 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच को 'मध्यम', 201 से 300 के बीच को 'खराब', 301 से 400 के बीच को 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच को 'गंभीर' माना जाता है।