delhi weather and temperature in hot summer in june what is imd prediction for today Delhi Weather : दिल्लीवाले 54 डिग्री जैसी गर्मी से बेहाल, आज आंधी और हल्की बूंदाबांदी से राहत की उम्मीद, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर Newsdelhi weather and temperature in hot summer in june what is imd prediction for today

Delhi Weather : दिल्लीवाले 54 डिग्री जैसी गर्मी से बेहाल, आज आंधी और हल्की बूंदाबांदी से राहत की उम्मीद

दिल्ली के लोग भीषण गर्मी से बेहाल हैं। गुरुवार को अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इसका अहसास 54 डिग्री से भी अधिक महसूस किया गया। इसकी वजह तेज धूप, भारी उमस और हवा की कम रफ्तार में कमी रही।

Praveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली। हिन्दुस्तानFri, 13 June 2025 05:26 AM
share Share
Follow Us on
Delhi Weather : दिल्लीवाले 54 डिग्री जैसी गर्मी से बेहाल, आज आंधी और हल्की बूंदाबांदी से राहत की उम्मीद

दिल्ली के लोग भीषण गर्मी से बेहाल हैं। गुरुवार को अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इसका अहसास 54 डिग्री से भी अधिक महसूस किया गया। इसकी वजह तेज धूप, भारी उमस और हवा की कम रफ्तार में कमी रही। विशेषज्ञों के अनुसार, इन दिनों हवा में बढ़ती आर्द्रता के चलते ऐसी स्थिति बन रही है, जिससे दर्ज किए जा रहे तापमान से ज्यादा गर्मी लोगों को महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। हीट इंडेक्स यानी गर्मी का अहसास भी सबसे ज्यादा दर्ज किया गया है।

दिल्ली के ज्यादातर हिस्से पिछले पांच दिनों से भट्ठी की तरह तप रहे हैं। गुरुवार सुबह से ही तेज धूप निकली रही। सुबह नौ बजे के बाद से ही लोग घरों से बाहर निकलने में कतराने लगे। दोपहर बारह बजे के बाद तो दिल्ली के ज्यादातर जगहों पर आम दिनों की तरह चहल-पहल नहीं दिखी। कनॉट प्लेस और पालिका बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी आम दिनों की तुलना में लोगों की संख्या कम रही।

दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में गुरुवार को अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो कि सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री रहा, जो कि सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 73 से 39 फीसदी तक रहा।

एनसीआर का हाल : फरीदाबाद का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुरुग्राम का अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री रहा। गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 40 डिग्री तो गौतम बुद्ध नगर में पारा 42 डिग्री तक चढ़ा।

आज हल्की बूंदाबांदी से राहत की उम्मीद

मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को तेज धूल भरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी के चलते दिल्ली के तापमान में हल्की गिरावट आएगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। शुक्रवार का मौसम भी गर्म और उमस भरा रहेगा, लेकिन धूल भरी आंधी, हल्के बादल और हल्की बूंदाबांदी थोड़ी राहत लेकर आएंगे। इस दौरान हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हो सकती है।

दिन में तेज धूप और रात में उमस ने छीना सुकून

भीषण गर्मी दिल्ली के लोगों के दिन के चैन के साथ-साथ रातों का सुकून भी छीन रही है। दिन भर की चिलचिलाती गर्मी के बाद रात के समय भी पारा नरम नहीं पड़ रहा है। दिल्ली में बुधवार की रात इस सीजन की सबसे गर्म रात रही। इस दौरान न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस रहा। जो कि इस सीजन में सबसे ज्यादा है।

दिल्ली में दिनभर की तपिश के बाद रात के समय भी तापमान में खास गिरावट नहीं दर्ज की जा रही है। राजधानी की मानक वेधशाला सफदरजंग में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो कि सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। इससे पहले 21 मई को न्यूनतम तापमान 30.2 सेल्सियस रहा था।

मुंगेशपुर सबसे गर्म रहा: दिल्ली का मुंगेशपुर इलाका गुरुवार को सबसे ज्यादा गर्म रहा। मौसम विभाग के मुताबिक यहां पर अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पता हो कि मुंगेशपुर में ही पिछले साल 50 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा का तापमान रिकार्ड किया गया था। जिसके बाद उपकरणों में खराबी की बात कहकर यहां की रीडिंग को बंद कर दिया गया था।

कटौती बनी परेशानी

गुरुग्राम। शहर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुग्राम की कई सेक्टरों में बुधवार रात लंबे अघोषित बिजली कट की समस्या से लोग जूझे। बिजली की मांग 2100 मेगावाट तक पहुंच चुकी है।

बिजलीकर्मियों की छुट्टी रद्द

फरीदाबाद। तापमान 44 डिग्री पहुंचने और लोगों की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए बिजली निगम ने कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दीं।

पारा 42 के पार पहुंचा

नोएडा। शहर का अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री दर्ज किया गया। गर्मी के बीच बिजली कटौती से भी लोग परेशान हुए। मरीज बढ़ गए हैं।

एक बेड पर दो मरीज

गाजियाबाद। गाजियाबाद में बुखार और डायरिया के मरीज बढ़ गए हैं। एमएमजी अस्पताल की इमरजेंसी में भीड़ को देखते हुए एक बेड पर दो मरीजों का उपचार करना पड़ रहा है।